‘खुद से प्यार करो’ बोलकर Miss Pretty India ने ली खुद की जान, सोशल मीडिया पर हैं 9 लाख फॉलोअर्स

वाराणसी की रहने वाली सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और ‘मिस प्रिटी इंडिया’ विनर निधि तिवारी ने मध्यप्रदेश के सिंगरौली स्थित घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट, फोन कॉल डिटेल और संपर्क में रहे लोगों की जांच कर रही है...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 September 2026, 1:54 PM IST

Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के सिंगरौली से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर लाखों लोगों के बीच लोकप्रिय रहने वाली इंफ्लुएंसर निधि तिवारी ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। 30 साल की निधि का शव भूसा मोड़ स्थित उनके घर के कमरे में मिला। मौत से पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की थी, जिसके बाद से पुलिस उनकी आखिरी गतिविधियों की जांच कर रही है।

फेसबुक पर आखिरी पोस्ट ने बढ़ाई चिंता

निधि ने आत्महत्या से पहले फेसबुक पर एक इमोशनल पोस्ट डाली थी। इसमें उन्होंने लिखा था, “इस अधूरे से दिल को किसी ने पूरा नहीं किया, मैंने खुद से पूरा कर दिया। इसलिए कहा जाता है कि खुद से प्यार करो, किसी और से नहीं। खुद में खुद को तलाश करो।” निधि सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। फेसबुक पर उनके करीब 9 लाख 28 हजार और इंस्टाग्राम पर 7 लाख 12 हजार फॉलोअर्स थे। वह गानों पर डांस रील्स बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर करती थी, जिन्हें बड़ी संख्या में लोग पसंद करते थे।

रात में युवक से फोन पर हुई थी बहस

निधि की मां लता तिवारी ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 8 बजे दिल्ली में रहने वाले सोनू सिंह नाम के युवक से निधि की फोन पर बहस हुई थी। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर की और खुद को कमरे में बंद कर लिया। परिजनों ने बताया कि रात करीब 9 से 10 बजे के बीच परिवार वालों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया था। निधि ने खाना खाने से इनकार कर दिया और उन्हें अकेला छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद परिवार के लोग सोने चले गए।

सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ शक

रविवार सुबह काफी देर तक जब निधि के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने खिड़की से अंदर देखा तो निधि का शव फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीत चुकी थी निधि

निधि तिवारी सोशल मीडिया के साथ-साथ स्थानीय कार्यक्रमों में भी सक्रिय रहती थी। उन्होंने कई ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया था। साल 2024 में उन्होंने ‘मिस प्रिटी इंडिया’ का खिताब जीता था। निधि का सपना फिल्मों में बतौर अभिनेत्री काम करने का था। सोशल मीडिया पर उनकी पहचान एक डांस कंटेंट क्रिएटर के तौर पर बनी हुई थी।

फोन कॉल और सोशल मीडिया रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस

मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घरवालों के बयान दर्ज किए गए हैं और निधि के फोन कॉल डिटेल व सोशल मीडिया एक्टिविटी की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या से पहले निधि किन लोगों के संपर्क में थीं और उनकी आखिरी बातचीत किन परिस्थितियों में हुई थी।

Location :  Madhya Pradesh

Published :  28 September 2026, 1:54 PM IST