
गैंगस्टर लोरेंस बिश्नोई (फाइल फोटो)
चंडीगढ़: मोहाली में रंगदारी और फायरिंग के मामलों की जांच में पुलिस को बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चार कथित गुर्गों को गिरफ्तार किया है। इनमें आकाशदीप सिंह नाम का युवक भी शामिल है, जो पंजाब पुलिस के स्पेशल DGP रैंक के एक वरिष्ठ IPS अधिकारी का भतीजा बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर मोहाली के कारोबारियों से 5-5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग रहा था और दबाव बनाने के लिए उनके घरों पर फायरिंग कर रहा था।
जांच में यह भी सामने आया है कि आकाशदीप सिंह की मां अमरीन कौर का नाम चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में कारोबारी चीनी कुबाहेड़ी की हत्या के मामले से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, वह बंबीहा गैंग से जुड़े मामले में जेल में बंद हैं।
मामले की खास बात यह है कि एक ही परिवार से जुड़े लोग कथित तौर पर दो विरोधी गैंग से जुड़े मामलों में सामने आए हैं। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस जांच के मुताबिक, विदेश में बैठे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी कुलवीर सिंह सिद्धू के इशारे पर मोहाली के फेज-10 और सेक्टर-104 में कारोबारियों के घरों पर फायरिंग की गई थी।
इन घटनाओं के जरिए कारोबारियों से 5-5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और इसके अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
मोहाली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 5 पिस्तौल, 12 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर गाड़ी बरामद की है।
पुलिस को आशंका है कि बरामद आधुनिक हथियारों को सीमा पार से ड्रोन के जरिए मंगाया गया हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है।
पुलिस ने इस मामले में आकाशदीप सिंह (23), प्रवीण कुमार उर्फ कालू (23), जस्मनदीप सिंह (20) और दुशंत शर्मा उर्फ सम्मी (27) को गिरफ्तार किया है।
वहीं, इनका एक अन्य साथी सिमरदीप उर्फ जशन अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
Location : Chandigarh
Published : 18 September 2026, 10:38 AM IST
Topics : Lawrence Bishnoi Gang mohali firing case Mohali News punjab police special dgp Punjab Crime News