कानपुर में दर्दनाक हादसा! झोपड़ी पर पलटी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, सास-बहू की मौत, 2 घायल

कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र में दादानगर ढाल के पास ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली झोपड़ी पर पलट गई। हादसे में 60 वर्षीय सियावती और उनकी बहू पुष्पा की मौत हो गई, जबकि सजीवन और सात वर्षीय मिष्टी घायल हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 30 October 2026, 3:24 PM IST

Kanpur: कानपुर में आधी रात एक तेज आवाज ने पूरे इलाके को दहला दिया। सड़क से गुजर रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित हुई और दादानगर ढाल के पास सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी पर पलट गई। उस वक्त झोपड़ी के अंदर एक ही परिवार के चार लोग सो रहे थे। भारी ट्रॉली के नीचे दबते ही घर में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश शुरू कर दी।

सोते हुए परिवार पर पलटी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली

यह दर्दनाक हादसा कानपुर के फजलगंज थाना क्षेत्र में दादानगर कच्ची मड़ैया के पास हुआ। यहां सियावती अपने बेटे सजीवन, बहू पुष्पा और सात साल की पोती मिष्टी के साथ झोपड़ी में रहती थीं। बताया जा रहा है कि रात के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। तभी ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दादानगर ढाल से गुजर रही थी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली सीटीआई पुल से विजयनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दादानगर ढाल के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ट्रॉली सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गई।

कानपुर में डिजिटल जनगणना के दूसरे चरण का बजा बिगुल, 16 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन स्वगणना

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे लोग

ट्रॉली पलटने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। झोपड़ी के अंदर से चीख-पुकार सुनाई दे रही थी। लोगों ने बिना देर किए मलबे में फंसे परिवार के सदस्यों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस को भी हादसे की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फजलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

अस्पताल में सास-बहू ने तोड़ा दम

हादसे में घायल चारों लोगों को पुलिस ने इलाज के लिए हैलट अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय सियावती और उनकी बहू पुष्पा को बचाया नहीं जा सका। इलाज के दौरान दोनों महिलाओं की मौत हो गई। वहीं, सियावती के बेटे सजीवन और सात वर्षीय मिष्टी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक, दोनों की स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है। परिवार में एक साथ दो मौतों की खबर पहुंचते ही मातम छा गया।

कानपुर में दर्दनाक हादसा! (IMG: Dynamite News)

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक फरार

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किस वजह से ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर झोपड़ी पर पलटी। वाहन की गति, सड़क की स्थिति और हादसे के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा सकती है। फिलहाल पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कानपुर होटल नेगी तोड़फोड़ कांड: ADCP कपिलदेव पर आरोप, हाईकोर्ट सख्त; पुलिस कमिश्नर 26 नवंबर को तलब

पुलिस ने क्या बताया?

अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि फजलगंज थाना क्षेत्र में सीटीआई पुल से विजयनगर की ओर जा रही ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली दादानगर ढाल के पास कच्ची मड़ैया स्थित झोपड़ी पर अनियंत्रित होकर पलट गई। उस समय झोपड़ी में चार लोग मौजूद थे, जो ट्रॉली के नीचे दबकर घायल हो गए।

Location :  Kanpur

Published :  30 October 2026, 3:24 PM IST