आग, धुआं और चीखें… कानपुर की छह मंजिला इमारत में 25 लोगों की सांसें अटक गईं

कानपुर के तलाक महल क्षेत्र में सोमवार तड़के छह मंजिला इमारत के लिफ्ट डक्ट में आग लगने से 25 से अधिक लोग फंस गए। पड़ोसियों ने बहादुरी दिखाते हुए सभी को सुरक्षित निकाला। दमकल की तीन गाड़ियों ने 21 मिनट में आग पर काबू पाया। एक महिला झुलसी, शॉर्ट सर्किट की आशंका है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 July 2026, 10:36 AM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के घनी आबादी वाले तलाक महल क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड होते-होते टल गया। सुबह करीब 4:34 बजे छह मंजिला इमारत के लिफ्ट डक्ट में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं और आग की लपटों से भर गई। अलग-अलग फ्लैटों में रह रहे 25 से अधिक लोग अंदर फंस गए और हर ओर चीख-पुकार मच गई। समय रहते पड़ोसियों और दमकल विभाग की मुस्तैदी से सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

लिफ्ट डक्ट में लगी आग, धुएं ने बनाया मौत का जाल

जानकारी के अनुसार तलाक महल के मुन्नापुरवा निवासी मोहम्मद फैजल की छह मंजिला इमारत में कई परिवार रहते हैं। सोमवार सुबह लिफ्ट डक्ट में रखे कबाड़ और बिजली की वायरिंग में अचानक आग लग गई। आग लगते ही डक्ट के रास्ते घना धुआं तेजी से सभी मंजिलों तक फैल गया, जिससे फ्लैटों में मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके।

पड़ोसियों ने दिखाई मिसाल, जान जोखिम में डालकर किया रेस्क्यू

दमकल विभाग के पहुंचने से पहले स्थानीय युवकों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। उन्होंने प्रभावित इमारत और पड़ोसी बिल्डिंग के बीच करीब तीन फीट की दूरी पर सीढ़ी लगाकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कई लोग छत के रास्ते दूसरी इमारत में पहुंचे। स्थानीय लोगों की तत्परता ने एक बड़े हादसे को टाल दिया।

21 मिनट में आग पर पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही कर्नलगंज और लाटूश रोड फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर स्टेशन अधिकारी प्रदीप शर्मा के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने तत्काल आग बुझाने का अभियान शुरू किया। लगातार प्रयास के बाद सुबह 4:55 बजे यानी करीब 21 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

एक महिला झुलसी, शॉर्ट सर्किट की आशंका

हादसे में तस्रीना नाम की महिला के हाथ और पैर झुलस गए। उन्हें उर्सला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

कन्नौज में मौत बनकर दौड़ा अज्ञात वाहन, पिकअप के उड़ गए परखच्चे, केबिन में फंसे चालक की दर्दनाक मौत

बिजली आने के कुछ देर बाद हुआ धमाका

इमारत के मालिक मोहम्मद फैजल ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे बिजली चली गई थी। बिजली बहाल होने के कुछ देर बाद पास के बिजली पोल से तेज धमाके की आवाज आई और तुरंत बाद लिफ्ट डक्ट से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। यदि समय रहते राहत कार्य नहीं होता तो यह हादसा बेहद भयावह साबित हो सकता था।

Location :  Kanpur

Published :  7 July 2026, 10:36 AM IST