बीमार दादी के इलाज के कर्ज ने बना दिया चोर! कानपुर में चांदी कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार

कारखाने में काम करने वाले कर्मचारी को चांदी की प्रोसेसिंग का तरीका पता था। पुलिस के मुताबिक, इसी जानकारी का इस्तेमाल कर उसने अपने पिता के साथ चोरी की योजना बनाई।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 14 October 2026, 8:46 PM IST
google-preferred

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में चांदी प्रोसेसिंग कारखाने से 18 किलो चांदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। चकेरी थाना क्षेत्र के पोखरपुर में हुई इस चोरी का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया चांदी का पाउडर बरामद हुआ है। पुलिस अब मामले में शामिल एक अन्य व्यक्ति की तलाश कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

जानकारी के अनुसार, कारोबारी नितिन टोपे के चांदी प्रोसेसिंग कारखाने से 12 अक्टूबर को 18 किलो चांदी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले। इसके बाद सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने 14 अक्टूबर की सुबह रामादेवी से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर फ्लाईओवर के ऊपर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

अचानक गायब हुई वो महिला और शुरू हुई ताले की परंपरा! जानिए कानपुर की संकरी गलियों में स्थित 350 साल पुराने मंदिर का अनसुना राज

कारखाने में काम करता था मुख्य आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास यादव (21) और बसन्तलाल (50) के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र हैं। पूछताछ में सामने आया कि विकास पिछले कुछ महीनों से इसी कारखाने में काम कर रहा था। उसे चांदी प्रोसेसिंग की प्रक्रिया की जानकारी थी। आरोप है कि वह छत के रास्ते कारखाने में दाखिल हुआ और चोरी को अंजाम दिया।

कर्ज और बीमारी का दिया हवाला

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में विकास ने बताया कि उसकी दादी कैंसर से पीड़ित हैं और उसने कई जगहों से कर्ज ले रखा था, जिस पर ब्याज बढ़ रहा था। पुलिस का दावा है कि इसी आर्थिक दबाव के बीच पिता-पुत्र ने चोरी की योजना बनाई। चोरी के बाद चांदी को विकास की बीमार दादी के घर छिपा दिया गया था। हालांकि, ये बातें पुलिस पूछताछ में सामने आए दावों पर आधारित हैं।

हरदोई में नकली दूध का बड़ा खुलासा! डिटर्जेंट-यूरिया बरामद, लखनऊ-कानपुर तक नेटवर्क की जांच

चांदी गलाने की योजना

पुलिस के मुताबिक, चोरी की चांदी को गलाने की योजना में शिवलाल सोनी नामक व्यक्ति भी शामिल था। उसकी तलाश की जा रही है। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से चोरी की चांदी बरामद हुई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Kanpur

Published :  14 October 2026, 8:46 PM IST

Related News

Advertisement