रास्ते के विवाद ने मचाया खूनी बवाल! घर पर बरसे पत्थर, वायरल VIDEO के बाद इंसाफ की गुहार

कन्नौज के सदर कोतवाली क्षेत्र के सहजापुर गांव में रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दबंगों पर घर में घुसकर पथराव करने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पीड़ित परिवार ने सात लोगों के घायल होने का दावा करते हुए एसपी से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 July 2026, 2:16 PM IST

Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक मामूली रास्ते का विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। सदर कोतवाली क्षेत्र के सहजापुर गांव में दबंगों द्वारा एक परिवार के घर पर कथित तौर पर जमकर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

घर पर बरसाए पत्थर, वीडियो हुआ वायरल

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर पर अचानक हमला बोल दिया और जमकर पत्थरबाजी की। इस दौरान परिवार के लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें घर पर पथराव होता दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं।

सात लोगों के घायल होने का आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमले में सात लोग घायल हुए, जबकि तीन लोगों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। परिवार का कहना है कि घटना के बाद पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे आरोपी लगातार खुलेआम घूम रहे हैं और परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।

बच्चों की पढ़ाई भी हुई प्रभावित

पीड़ित परिवार का कहना है कि दबंगों के डर से उनके बच्चे स्कूल तक नहीं जा पा रहे हैं। परिवार को लगातार धमकियां मिलने का भी आरोप लगाया गया है। इसी वजह से पूरा परिवार पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

गौतमबुद्ध नगर DM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, क्या मुख्य चुनाव आयुक्त की बेटी की जान खतरे में?

पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सदर कोतवाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई की जाती तो मामला इतना नहीं बढ़ता। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़ितों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kannauj

Published :  13 July 2026, 2:16 PM IST