Jhansi Firing: झांसी में पैसे मांगना पड़ा भारी, तमंचे से फायरिंग, युवक गंभीर घायल

झांसी के गुरसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम परसुबा में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के दबंग ने एक युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। गोली युवक के बाएं कंधे में लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 24 May 2026, 3:12 PM IST

Jhansi: झांसी के गुरसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम परसुबा में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव के दबंग ने एक युवक पर तमंचे से फायर झोंक दिया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। गोली युवक के बाएं कंधे में लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

पैसे मांगने पर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक ग्राम परसुबा निवासी राहुल कुमार बालू और गिट्टी के बकाया पैसे मांगने के लिए गांव के दबंग पप्पू के घर गया था। आरोप है कि पैसे मांगने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राहुल ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

तमंचे से फायर कर मौके से फरार हुआ आरोपी

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तमंचा निकालकर राहुल कुमार पर फायर कर दिया। गोली सीधे युवक के बाएं कंधे में जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में हड़कंप मच गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Jhansi

Published :  24 May 2026, 3:08 PM IST