मोहब्बत में दिवानापन? शादी की जिद में 180 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा प्रेमी

हरदोई में प्रेम प्रसंग के मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब एक युवक शादी की जिद में करीब 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने उसे नीचे उतारने के लिए काफी देर तक बातचीत की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 October 2026, 3:59 PM IST

Hardoi: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया है। मल्लावां कस्बे के सुभाष पार्क में रविवार को एक युवक कथित तौर पर प्रेमिका से शादी करने की जिद में करीब 180 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर से कूदने की धमकी देने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने काफी देर तक समझाने के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।

युवती के इनकार के बाद टावर पर चढ़ा युवक

जानकारी के मुताबिक, मल्लावां के मोहल्ला बंदीपुर निवासी अजय राठौर शटरिंग का काम करता है। बताया जा रहा है कि उसका क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग था। युवक युवती से शादी करना चाहता था, लेकिन युवती के इनकार करने पर वह नाराज हो गया। इसके बाद वह सुभाष नगर स्थित बंद पड़े मोबाइल टावर पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा।

हरदोई में नकली दूध का बड़ा खुलासा! डिटर्जेंट-यूरिया बरामद, लखनऊ-कानपुर तक नेटवर्क की जांच

मौके पर जुटी भीड़

युवक को ऊंचे टावर पर चढ़ा देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मल्लावां कोतवाल मनोज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

काफी देर की बातचीत के बाद नीचे उतरा युवक

पुलिस ने टावर पर चढ़े युवक से बातचीत शुरू की और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद युवक नीचे आने के लिए राजी हो गया। पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतारकर हिरासत में लिया और कोतवाली ले गई।

हरदोई विवाद: सोशल मीडिया टिप्पणी से नाराज पूर्व विधायक पर मारपीट, गाली और धमकी के आरोप

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

Location :  Hardoi

Published :  18 October 2026, 3:59 PM IST