
शादी के अगले दिन दुल्हन फरार (Img: AI Generated Image)
Hapur: इस खबर की हेडलाइन पढ़कर आप भी कन्फ्यूज़ हो गए होंगे की आखिर ऐसा क्या हुआ जो हर कोई इस दुल्हन से दूर भाग रहा है। दरअसल, यह मामला हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित दूल्हे विनोद के मुताबिक, करीब दो-तीन महीने पहले उसकी मुलाकात रामपुर के एक मंदिर के पंडित से हुई थी।
इसी पंडित के जरिए शादी की बात आगे बढ़ी। विनोद का दावा है कि शादी तय होने के दौरान लड़की की मां को एक लाख रुपये नकद दिए गए थे।
इसके बाद रामपुर स्थित मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। शादी के बाद विनोद अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर अपने गांव पहुंचा। परिवार को उम्मीद थी कि घर में नई बहू के आने से खुशियां बढ़ेंगी, लेकिन अगले ही दिन मामला पूरी तरह बदल गया।
ये भी पढ़ें- “पासपोर्ट थाईलैंड का, पहचान भारत की!” सोनौली बॉर्डर पर महिला के फोन में मिला दस्तावेजों का खेल
परिजनों के मुताबिक, नवविवाहिता ससुराल में करीब एक रात और एक दिन ही रही। दूसरी रात परिवार के लोग जब सो गए, तब उसने कथित तौर पर घर से निकलने का मौका तलाश लिया। आरोप है कि वह अपने साथ पहने हुए सोने-चांदी के जेवर के अलावा घर में रखी नकदी भी ले गई। सुबह जब परिवार की नींद खुली और बहू घर में नहीं मिली तो सभी के होश उड़ गए। पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
काफी तलाश के बाद पुलिस को इलाके की CCTV फुटेज मिली। फुटेज में एक महिला तेज कदमों से जाती हुई दिखाई दे रही है। परिवार का दावा है कि फुटेज में नजर आ रही महिला वही नवविवाहिता है। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ शादी कराने वाले लोगों और कथित बिचौलियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें- Mainpuri News: 112 पर पहुंची पुलिस तो शांत हुआ विवाद, रात में फिर घर में घुसे आरोपी… CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शादी कराने में कौन-कौन लोग शामिल थे और लड़की की पहचान व पृष्ठभूमि के बारे में पहले से क्या जानकारी जुटाई गई थी। फिलहाल नवविवाहिता और उसके साथ जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ होगा कि शादी के पीछे की पूरी कहानी क्या थी और घर से जेवर व नकदी ले जाने के आरोपों की सच्चाई क्या है।
Location : Hapur
Published : 18 August 2026, 3:45 PM IST