
नगर पंचायत अध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोप(सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले की कुरारा नगर पंचायत के वार्ड नंबर-9 में नाली की पट्टी तोड़े जाने को लेकर विवाद सामने आया है। वार्ड निवासी माया वाल्मीकि ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर नगर पंचायत अध्यक्ष आशारानी कबीर, अवर अभियंता अजय कुमार कटियार और आउटसोर्सिंग कर्मचारी अनिरुद्ध पांडेय पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि नगर पंचायत की कार्रवाई से उनके मकान को काफी नुकसान पहुंचा है।
शिकायत के मुताबिक, माया वाल्मीकि करीब 35 वर्षों से अपने परिवार के साथ निजी मकान में रह रही हैं। उनके पति के नाम नगर पंचायत में भवन संख्या-65 दर्ज है। आरोप है कि 8 सितंबर 2026 को नगर पंचायत अध्यक्ष, अवर अभियंता, आउटसोर्सिंग कर्मचारी और सफाईकर्मियों की टीम जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंची। इस दौरान मकान से सटी करीब 9 इंच चौड़ी नाली की पट्टी को तोड़ दिया गया।
कुर्सी की रंजिश या नाली का विवाद? हमीरपुर में दो महिला अध्यक्षों के बीच सरेराह लात-घूंसों की बौछार
माया वाल्मीकि का आरोप है कि नाली की पट्टी तोड़े जाने से मकान की दीवार को नुकसान पहुंचा और उसमें दरारें आ गईं। महिला ने दावा किया कि इस कार्रवाई से उन्हें कई लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। बरसात के दौरान घर में पानी भरने की आशंका के चलते उन्हें नाली की पट्टी दोबारा बनवानी पड़ी।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि 10 सितंबर 2026 को नगर पंचायत अध्यक्ष समेत अन्य लोग दोबारा जेसीबी मशीन लेकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान निजी जमीन पर बने गार्डन और नाली की पट्टी को हटाने का प्रयास किया गया। माया वाल्मीकि ने विरोध करने पर अपने साथ धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया है।
माया वाल्मीकि ने शिकायत में नगर पंचायत अध्यक्ष के साथ पुराने चुनावी विवाद का उल्लेख किया है। उनका दावा है कि वह नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुकी हैं। महिला का आरोप है कि इसी पुराने विवाद के चलते उनके मकान और निजी जमीन को निशाना बनाया जा रहा है।
पीड़िता ने नगर पंचायत के अवर अभियंता अजय कुमार कटियार और आउटसोर्सिंग कर्मचारी अनिरुद्ध पांडेय पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का भी गंभीर आरोप लगाया है। महिला ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और मकान को हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। फिलहाल नगर पंचायत अध्यक्ष और संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सामने नहीं आया है।
Location : Hamirpur
Published : 11 September 2026, 4:31 PM IST
Topics : Drain Strip Demolition hamirpur news Kurara Nagar Panchayat Maya Valmiki Complaint Nagar Panchayat Controversy