“रकम नहीं दी तो कारोबार बंद कराकर मरवा डालेंगे!” हमीरपुर में व्यापारी की पत्नी का छलका दर्द, एसपी से सुरक्षा की गुहार

पहले एक लाख रुपये की कथित मांग, फिर रास्ते में घेरकर मारपीट और जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप लगाया गया, व्यापारी की पत्नी ने SP से कहा- परिवार की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 8 September 2026, 3:20 PM IST
google-preferred

Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक व्यापारी की पत्नी ने कुछ लोगों पर उसके पति के साथ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपियों ने पहले उससे एक लाख रुपये की मांग की थी और रकम नहीं देने पर कारोबार बंद कराने के साथ जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद परिवार में डर का माहौल है। महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे शशिकांत

मामला हमीरपुर कोतवाली क्षेत्र के विवेक नगर स्थित विद्या मंदिर रोड का है। शिकायतकर्ता सरिता तिवारी के मुताबिक, 7 सितंबर की रात करीब 11:10 बजे उनके पति शशिकांत तिवारी दुकान बंद करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया।

कई लोगों ने घेरकर हमला करने का लगाया आरोप

सरिता का आरोप है कि आशीष साहू, अर्पित साहू, अंशु साहू समेत चार-पांच अज्ञात लोगों ने शशिकांत को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर शशिकांत ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से आत्मरक्षा में फायरिंग की। शिकायत के अनुसार, इसके बाद भी आरोपियों ने उनका पीछा करना नहीं छोड़ा और हमला करने का प्रयास जारी रखा।

Hamirpur: मिठाई खरीदने से पहले ये खबर जरूर पढ़ें! दुकानों पर छापा पड़ा तो खुल गई पूरी पोल

एक लाख रुपये की मांग का भी आरोप

शिकायत में सरिता ने आरोप लगाया है कि करीब एक सप्ताह पहले भी आरोपियों की ओर से एक लाख रुपये की मांग की गई थी। कथित तौर पर उनसे कहा गया था कि अगर दुकान चलानी है तो रकम देनी होगी। रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

पीछा कर चार पहिया वाहन में बैठाने का दावा

शिकायतकर्ता के मुताबिक, हमलावरों से बचने के लिए शशिकांत मौके से भाग निकले, लेकिन आरोपियों ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उन्हें जबरन चार पहिया वाहन में बैठाकर कहीं ले जाने की कोशिश की गई। हालांकि, रास्ते में शशिकांत किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में कामयाब हो गए।

Hamirpur: यमुना पुल पर सड़क बनी खतरा! गड्ढों के बीच बाहर निकली सरिया, जरा सी चूक और हो सकता है बड़ा हादसा

घटना के बाद परिवार में दहशत

सरिता का कहना है कि घटना के बाद से उनका पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है। उन्हें आशंका है कि आरोपी दोबारा उनके पति या परिवार के किसी सदस्य को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

SP से जांच और कार्रवाई की मांग

सरिता तिवारी ने पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पति और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Hamirpur

Published :  8 September 2026, 3:20 PM IST

Advertisement