
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Gurdaspur: पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ब्रेकअप से नाराज एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की ने अपने पूर्व प्रेमी तेजिंदर सिंह (22) से बदला लेने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली। आरोप है कि लड़की ने तेजिंदर को सबक सिखाने के लिए 9 स्थानीय युवकों को पैसे देकर सुपारी दी थी।
18 सितंबर को इन सिरफिरे युवकों ने तेजिंदर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं। लगभग 11 दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ने के बाद 29 सितंबर को तेजिंदर की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक तेजिंदर सिंह के परिजनों ने बताया कि वह गांव खोखरा का रहने वाला था। तेजिंदर ने लगभग तीन महीने पहले आरोपी लड़की से अपना रिश्ता तोड़ लिया था, लेकिन लड़की इस दूरी को बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी। घटना वाले दिन 18 सितंबर को लड़की तेजिंदर को मुकेरियां के एक होटल और फिर लॉज में ले गई। वहां दोनों के बीच करीब तीन घंटे तक तीखी बहस और तकरार हुई। इस दौरान गुस्से में आकर लड़की ने तेजिंदर का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया था।
आबरू बचाने के लिए चलती बाइक से छलांग: सोहना में स्कूली छात्रा के साथ अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार
तेजिंदर की बहन किरणप्रीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि लॉज से निकलने के बाद लड़की ने भूसा गांव के 9 लड़कों को इकट्ठा किया और उन्हें तेजिंदर पर हमला करने के लिए भेजा। हमलावरों ने तेजिंदर को बेरहमी से पीटा, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
तेजिंदर की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया था। हालांकि, बाद में भारी पुलिस बल के आश्वासन और सुरक्षा व्यवस्था के बीच दरिया ब्यास के किनारे नम आंखों से तेजिंदर को अंतिम विदाई दी गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मनोज ठाकुर ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देशों पर जांच के लिए 3 सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने तेजिंदर के हाथ-पैर तोड़ने के लिए लड़कों को पैसे दिए थे, लेकिन उसका इरादा उसकी जान लेने का नहीं था। फिलहाल पुलिस बाकी फरार हमलावरों की तलाश में जगह-जगह छापेमारी कर रही है।
Location : Gurdaspur
Published : 2 October 2026, 10:30 AM IST