ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर ओवरलोड डंपर से बरसाए पत्थर, फिर फावड़े के साथ पुलिस ने…Video Viral

ग्रेटर नोएडा के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक डंपर की वजह से ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने राहगीरों को परेशानी में डाल दिया। सड़क पर अचानक फैले पत्थरों से कई वाहन प्रभावित हुए और यातायात भी लड़खड़ा गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 June 2026, 7:32 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ओवरलोड डंपर से बजरी और लाल पत्थर सड़क पर गिराने का मामला सामने आया है। इससे कई वाहनों के टायर पंचर हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खुद फावड़ा लेकर सड़क साफ करने में जुट गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया गया।

चलते-चलते सड़क पर बिछते गए पत्थर

घटना दादरी थाना क्षेत्र के चक्रसैनपुर के पास की है। सुबह के समय कुछ डंपर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक डंपर का जैक अचानक ऊपर उठ गया, जिससे उसमें भरे लाल पत्थर और बजरी सड़क पर गिरने लगे। जैसे-जैसे डंपर आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे हाईवे पर पत्थरों की लंबी परत बिछती चली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपर ओवरलोड था। आरोप है कि चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए जैक की मदद से अतिरिक्त पत्थरों को सड़क पर गिरा दिया। हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

देवभूमि उत्तराखंड से यूपी लौट रहा था 28 लोगों का परिवार, भगवान को था कुछ और मंजूर…

कई वाहन बने शिकार

सड़क पर अचानक फैले पत्थरों के कारण कई वाहन उनकी चपेट में आ गए। कई कारों और अन्य वाहनों के टायर पंचर हो गए। कुछ वाहन चालक सड़क किनारे खड़े होकर मदद का इंतजार करते रहे। वहीं, हाईवे पर जाम जैसे हालात बन गए और दुर्घटना का खतरा भी लगातार बना रहा।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही दादरी कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क पर बिखरे पत्थरों के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका थी। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने जेसीबी मशीन आने का इंतजार करने के बजाय खुद मोर्चा संभाल लिया।

ट्रेन में हमले का सनसनीखेज आरोप निकला फर्जी! अविमुक्तेश्वरानंद पर लगे गंभीर आरोपों की जांच में आया बड़ा मोड़

फावड़ा लेकर सड़क पर उतरे पुलिसकर्मी

पुलिसकर्मी फावड़ा लेकर सड़क पर उतर गए और पत्थरों को हटाने में जुट गए। कुछ पुलिसकर्मियों ने हाथों से भी गिट्टी और पत्थर हटाए। जिससे वाहनों के लिए जल्द से जल्द रास्ता बनाया जा सके। बाद में जेसीबी मशीन बुलाकर सड़क पर फैले पत्थरों को पूरी तरह साफ कराया गया। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद सड़क को सुरक्षित बनाया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका। जिन वाहन चालकों के टायर पंचर हो गए थे, उनके लिए पुलिस ने पंचर बनाने वाली गाड़ी भी मौके पर बुलवाई, जिससे लोगों को राहत मिली।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

हाईवे से गुजर रहे कई लोगों ने पुलिसकर्मियों को सड़क साफ करते हुए अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड किया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

क्या बोले थाना प्रभारी?

दादरी कोतवाली प्रभारी नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि पलवल से दादरी की ओर आने वाले मार्ग पर चक्रसैनपुर के पास सड़क पर पत्थर गिरने से यातायात प्रभावित हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सड़क साफ कराने का काम शुरू किया। वहीं, अब डंपर और उसके चालक की तलाश की जा रही है।

Location :  Greater Noida

Published :  18 June 2026, 7:32 PM IST