पहली सालगिरह पर मुस्कुराता दिखा परिवार… फिर अचानक मौत! दीपिका नागर केस में अब विसरा रिपोर्ट का इंतजार

ग्रेटर नोएडा की एक शादी, खुशहाल दिखता परिवार और फिर अचानक हुई एक युवती की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और घर में काम करने वाली सहायिका के बयान ने मामले को और उलझा दिया है। परिजन इसे दहेज हत्या बता रहे हैं, जबकि कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 May 2026, 2:53 PM IST

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के कुड़ीखेड़ा गांव की रहने वाली 24 वर्षीय दीपिका नागर की मौत ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। एक तरफ परिवार बेटी को खोने के सदमे में है, वहीं दूसरी ओर गांव में गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। दीपिका की मौत आखिर कैसे हुई, इस सवाल का जवाब अब बिसरा रिपोर्ट से मिलने की उम्मीद है।

पुलिस ने विसरा सैंपल जांच के लिए गाजियाबाद स्थित फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री भेज दिया है। रिपोर्ट आने में करीब एक से डेढ़ महीने का समय लग सकता है।

पिता ने लगाए गंभीर आरोप

दीपिका के पिता संजय नागर ने अपनी बेटी की मौत को हत्या बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दीपिका की शादी 11 दिसंबर 2024 को जलपुरा गांव निवासी रितिक के साथ हुई थी। शादी में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था।

परिजनों का आरोप है कि दीपिका के पति, सास-ससुर और अन्य रिश्तेदार फॉर्च्यूनर गाड़ी और 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। संजय नागर का आरोप है कि रविवार को उनकी बेटी की हत्या कर उसे तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया गया। इस मामले में पुलिस ने पति रितिक, ससुर मनोज, सास पूनम और चाचा ससुर विनोद को गिरफ्तार कर लिया है।

4 घंटे की बिजली में कैसे बनेंगे डॉक्टर? आधी रात मेडिकल कॉलेज के छात्रों का फूटा गुस्सा, गेट पर धरना

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। एसीपी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अब ससुर मनोज के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। सूत्रों के मुताबिक उसके खिलाफ पहले भी कुछ मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

वायरल वीडियो ने बढ़ाए सवाल

दीपिका नागर की शादी की पहली सालगिरह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पूरा परिवार खुश नजर आ रहा है। पति रितिक दीपिका को केक खिलाता दिखाई दे रहा है और घर का माहौल सामान्य दिख रहा है। इसी बीच ससुराल में काम करने वाली एक सहायिका का बयान भी सामने आया है। उसने दावा किया कि उसने कभी घर में झगड़ा होते नहीं देखा और परिवार सामान्य तरीके से रहता था।

सीतापुर में दिल दहला देने वाली वारदात, गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

हालांकि, इन बयानों और वीडियो के सामने आने के बाद मामला और उलझता नजर आ रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि अगर परिवार में सब कुछ ठीक था, तो फिर दीपिका की मौत कैसे हुई?

फास्ट ट्रैक कोर्ट की मांग

दीपिका की मौत के बाद कुड़ीखेड़ा गांव में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कर जल्द सख्त सजा दिलाने की मांग की है। गांव के लोगों का कहना है कि दहेज हत्या जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन समाज और संगठन इस गंभीर मुद्दे पर खुलकर सामने नहीं आते।

Location :  Greater Noida

Published :  22 May 2026, 2:53 PM IST