कृष्णनगरी में शूर्पणखा कांड़: हैवानियत की हुई हदें पार, परिक्रमा कर रही महिला बनी निशाना

मथुरा के गोवर्धन में परिक्रमा कर रही मुंबई निवासी महिला के साथ चौंकाने वाली घटना सामने आई। आरोप है कि भीख मांगने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला के नजरअंदाज करने के बाद अचानक हमला कर उसकी नाक काट दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 September 2026, 10:05 AM IST

Mathura: उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित गोवर्धन में मंगलवार को परिक्रमा के दौरान एक महिला के साथ ऐसी वारदात सामने आई, जिसने आसपास मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। आरोप है कि एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले महिला से भीख मांगी और जब उसने ध्यान नहीं दिया तो अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला की नाक पर गंभीर चोट आई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

परिक्रमा कर रही थी महिला

जानकारी के मुताबिक घटना गोवर्धन पहाड़ी की तलहटी के पास हुई। करीब 30 वर्षीय महिला, जिसकी पहचान मोनिका के तौर पर हुई है, गोवर्धन की परिक्रमा कर रही थी। बताया गया है कि मोनिका मूल रूप से मुंबई की रहने वाली हैं और पिछले करीब छह महीने से गोवर्धन में रह रही थीं। वह नियमित रूप से गोवर्धन पहाड़ी की परिक्रमा करती थीं।

परिक्रमा के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति महिला के पास आया और उससे कथित तौर पर भीख मांगने लगा। महिला ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया और अपनी परिक्रमा जारी रखी। आरोप है कि इसी बात के बाद व्यक्ति ने अचानक महिला पर हमला कर दिया और उसकी नाक काट दी।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में सनसनी: सिर्फ कहासुनी पर 70 साल के बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, रोंगटे खड़े कर देगा यह मामला

अचानक हुए हमले से मची अफरा-तफरी

हमला इतना अचानक हुआ कि महिला और आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले आरोपी वहां से भाग निकला। महिला के घायल होने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक महिला की नाक पर गहरी चोट आई है और उसका उपचार कराया जा रहा है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। घटनास्थल और उसके आसपास से मिलने वाले अन्य सुरागों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Gorakhpur: तीन मुकदमों के बाद पुलिस की नजर में आया भोला निषाद, अब खुली हिस्ट्रीशीट

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती तौर पर उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

आरोपी तक पहुंचने के लिए जुटाए जा रहे सुराग

पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल महिला का इलाज जारी है और पुलिस फरार व्यक्ति की तलाश में जुटी है।

Location :  Mathura

Published :  16 September 2026, 10:05 AM IST