वैभव हत्याकांड: दोषियों को बख्शा न जाए; परिजनों का आंसू पोंछते हुए नेताओं ने बुलंद की न्याय की आवाज, गरमाई सियासत

गोरखपुर के चर्चित वैभव हत्याकांड को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीड़ित परिवार से मिले और न्याय की मांग उठाई। आखिर नेताओं ने क्या कहा और अब प्रशासन क्या कदम उठाएगा? पढ़िए पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 5:42 PM IST

Gorakhpur: खजनी क्षेत्र में हुए चर्चित वैभव हत्याकांड को लेकर शनिवार को भी पीड़ित परिवार के घर जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक नेताओं का पहुंचना जारी रहा। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। न्याय की मांग को लेकर लगातार राजनीतिक दलों के नेता पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं और प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

दोषियों को किसी कीमत पर बख्शा न जाए

शनिवार को कांग्रेस कमेटी के प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह तथा भाजपा के हाटा विधायक मोहन वर्मा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। दोनों नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से भी उन्होंने बातचीत की।

Gorakhpur: सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम कसने को प्रशासन सख्त, नियमों के पालन में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

भाजपा विधायक मोहन वर्मा ने अधिकारियों से कहा कि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए और कानून के अनुसार सभी दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

कांग्रेस ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

वहीं कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष विश्व विजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश में कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उनका आरोप था कि गोरखपुर में लगातार जघन्य अपराध सामने आ रहे हैं, फिर भी अपराधियों में पुलिस और कानून का भय दिखाई नहीं दे रहा है।

Gorakhpur: जिस पर था सबसे ज्यादा भरोसा, उसी ने रची लाखों की चोरी की साजिश

उन्होंने कहा कि एक ओर जेल से बंदी फरार हो रहे हैं, दूसरी ओर मासूम बच्चियों के साथ अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं। नाबालिग बच्चों की हत्या जैसी दर्दनाक घटनाएं प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती हैं। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि आखिर कानून का राज कहां है और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण क्यों नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

वैभव हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोग और व्यापारी संगठन भी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। पूरे मामले पर प्रशासन की कार्रवाई और आगे की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 August 2026, 5:42 PM IST