
गोला थाना क्षेत्र (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के ग्राम चंदौली के पास रामजानकी मार्ग पर रविवार की रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और उस पर सवार दोनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रजनीश (22) पुत्र हरिचन और शिवशंकर (26) पुत्र मुन्ना बेलदार बाइक से अपने घर जा रहे थे। रविवार रात करीब आठ बजे जैसे ही वे रामजानकी मार्ग पर ग्राम चंदौली के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त (Img: Pinterest)
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने घायलों की तलाश शुरू की। पहले घायल रजनीश सड़क पर दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला भिजवाया। इसी बीच कुछ देर बाद पता चला कि बाइक पर सवार दूसरा युवक शिवशंकर भी घटनास्थल के पास गंभीर हालत में पड़ा है। उसकी स्थिति की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची शेरनी दस्ते की दो महिला कांस्टेबलों ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी वाहन रुकवाया और घायल शिवशंकर को उपचार के लिए सीएचसी गोला भिजवाया। परिजन उसे पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भर्ती करने से इनकार किए जाने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला ले जाया गया।
सीएचसी गोला में चिकित्सकों ने दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, हादसे के बाद कार चालक का मौके से फरार होना भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रात के समय रामजानकी मार्ग पर हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले सड़क हादसों की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
Location : Gorakhpur
Published : 23 November 2026, 10:50 AM IST