
गोरखपुर में युवक की हत्या पर फूटा गुस्सा (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: गोरखपुर के हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र में धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल मिले युवक की सोमवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम छा गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सिधौली-बेडौली चौराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। करीब डेढ़ घंटे तक दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। लोगों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
यहां भी पढ़ें: Gorakhpur: पुरानी रंजिश में खूनी वार, मुख्य आरोपी तक कैसे पहुंची सहजनवां पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सीओ गीडा, हरपुर-बुदहट थानाध्यक्ष प्रशांत पाठक और सहजनवा थानाध्यक्ष संजय मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए और जाम समाप्त कराया गया।
जानकारी के अनुसार, हरपुर-बुदहट थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बैदौली के जंगल डिगर सूपा टोला निवासी प्रेम सागर यादव शनिवार शाम करीब छह बजे बाइक से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
रविवार सुबह बैजलपुर पंचायत भवन के पास ग्रामीणों ने एक युवक को खून से लथपथ और बेहोश हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की पहचान प्रेम सागर यादव के रूप में हुई। उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पिता ज्ञानेंद्र यादव की तहरीर पर हरपुर-बुदहट पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के साक्ष्य, CCTV फुटेज, संभावित रंजिश और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
यहां भी पढ़ें: Gorakhpur: दाह संस्कार से लौट रही बस ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ी, पांच गंभीर
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही हत्यारों की गिरफ्तारी और घटना का खुलासा नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
Location : Gorakhpur
Published : 20 July 2026, 8:34 PM IST
Topics : Gorakhpur Murder Gorakhpur News UP News