गोरखपुर: 45 लाख के फिलिप्स एलईडी बल्ब लेकर फरार हुआ ट्रक चालक गिरफ्तार, कैंट पुलिस-स्वॉट टीम ने किया बड़ा खुलासा ,352 गत्ता एलईडी बल्ब बरामद..पढिए पूरी खबर

Gorakhpur :नेपाल भेजे जा रहे माल को रास्ते में ही गायब करने की साजिश, कैंट थाना पुलिस और स्वॉट टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी दबोचा गया। जिले में करीब 45 लाख रुपये से अधिक कीमत के फिलिप्स एलईडी बल्ब की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले का खुलासा करते हुए कैंट थाना पुलिस और स्वॉट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 352 सीलबंद गत्तों में पैक एलईडी बल्ब बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 45.64 लाख रुपये बताई जा रही है।
पूरे मामले की जानकारी पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष दशरथ पाटिल ने दी। उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी कैंट के नेतृत्व में कैंट थाना पुलिस और स्वॉट टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
Video: महराजगंज में ओम प्रकाश राजभर को क्यों दिखाए काले झंडे? जानें इस वीडियो में हकीकत
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुलशन शाह कानू पुत्र नंदी शाह कानू, निवासी मैनाटाड़ थाना मैनाटाड़, जिला पश्चिमी चंपारण (बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी पेशे से ट्रक चालक है और उसी ने माल ढुलाई के दौरान अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक यह माल फरीदाबाद-पलवल (हरियाणा) से नेपाल की राजधानी काठमांडू भेजा जा रहा था। ट्रांसपोर्ट का काम मारुती इंटरनेशनल ट्रांसपोर्ट, त्रिपाठी कॉम्प्लेक्स, ठूठीबारी चौराहा महराजगंज के माध्यम से कराया जा रहा था। फिलिप्स कंपनी के एलईडी बल्ब के कुल 374 गत्ते (करीब 3.18 टन) माल की ढुलाई के लिए ट्रक चालक को 80 हजार रुपये भाड़ा दिया गया था।
WB Assembly Poll: पश्चिम बंगाल के 144 सीटों पर भाजपा ने किया उम्मीदवारों का एलान, देखिये सूची
माल लोड होने के बाद आरोपी ने फोन कर ट्रक खराब होने की सूचना दी और गीडा क्षेत्र में गाड़ी खड़ी होने का बहाना बनाया। उसने मरम्मत के नाम पर अतिरिक्त 20 हजार रुपये भी मंगाए। जब शिकायतकर्ता के पति के बताए गए स्थान पर पहुंचे तो वहां न ट्रक मिला और न ही चालक। इसके बाद आरोपी का मोबाइल भी बंद हो गया, जिससे चोरी की आशंका बढ़ गई।
पीड़िता की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि ट्रक चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर माल गायब कर दिया था। आरोपी की गिरफ्तारी और माल की बरामदगी के बाद पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कैंट अरुण कुमार और इंस्पेक्टर कैंट संजय सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल फरार साथी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।