हिंदी
भरभराकर ढह गया पूरा गुंबद (IMG: AI Generated)
Gorakhpur: आसमान से बरसती बारिश के बीच अचानक बिजली ऐसी गिरी कि राजघाट स्थित गुरु श्री गोरक्षनाथ घाट पर अफरा-तफरी मच गई। तेज गर्जना के साथ हुए वज्रपात से घाट परिसर में बना एक गुंबद भरभराकर नीचे आ गिरा। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय बारिश से बचने के लिए कई लोग गुंबद के नीचे खड़े थे। अचानक पूरा ढांचा गिरने से वहां चीख-पुकार मच गई। मलबे की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में राप्तीनगर निवासी अधिवक्ता आलोक अस्थाना और शक्तिनगर निवासी संजय सिंह शामिल हैं।
हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। बताया गया कि सुबह से ही मौसम खराब था और आसमान में बादल छाए हुए थे। इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई। घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। बताया गया कि सिविल कोर्ट के अधिवक्ता विनोद की माता का शनिवार शाम निधन हो गया था। रविवार को उनके अंतिम संस्कार की तैयारी राजघाट स्थित गुरु श्री गोरक्षनाथ घाट पर चल रही थी। परिवार के लोग, रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में घाट पर पहुंचे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश के बीच अचानक तेज गर्जना हुई और वज्रपात हुआ। इसके तुरंत बाद गुंबद का ढांचा भरभराकर नीचे आ गिरा। गुंबद गिरने की तेज आवाज से घाट पर मौजूद लोग घबरा गए। कुछ ही सेकंड में वहां चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। जब लोगों को पता चला कि कुछ लोग मलबे की चपेट में आ गए हैं तो घाट पर मौजूद लोगों ने हिम्मत जुटाई और तत्काल राहत-बचाव शुरू कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। राप्तीनगर निवासी अधिवक्ता आलोक अस्थाना की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं शक्तिनगर निवासी संजय सिंह का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण भी किया।
गुंबद गिरने के बाद कुछ समय तक घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जिस स्थान पर लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे थे, वहीं अचानक हादसा होने से परिवार के लोगों और परिचितों में भी दहशत फैल गई। बारिश के कारण पहले से ही मौसम खराब था। ऐसे में तेज गर्जना के साथ गुंबद गिरने की घटना ने वहां मौजूद लोगों को डरा दिया। हालांकि घाट पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत-बचाव शुरू कर दिया, जिससे घायलों को समय रहते मलबे से बाहर निकाला जा सका।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल को मौके पर भेजा गया था। गुंबद गिरने से दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, हादसे की जांच की जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 6 September 2026, 1:35 PM IST