हिंदी
शिक्षकों के विवाद में प्रधानाध्यापिका निलंबित (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: पाली विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय पट्टी धर्मदास में शिक्षकों के बीच हुए विवाद ने आखिरकार बड़ा प्रशासनिक मोड़ ले लिया। मामले की जांच के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने प्रधानाध्यापिका सरोज गौतम को निलंबित कर दिया है, जबकि सहायक अध्यापक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में मामले की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि 9 जुलाई को विद्यालय में प्रधानाध्यापिका और सहायक अध्यापक के बीच विवाद हुआ था। इसका असर सीधे बच्चों की पढ़ाई पर पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक और जनप्रतिनिधि विद्यालय पहुंचे और शिक्षकों के विवाद पर नाराजगी जताते हुए विद्यालय को अस्थायी रूप से बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक पूरे मामले का निष्पक्ष समाधान नहीं हो जाता, तब तक बच्चों का भविष्य दांव पर नहीं लगाया जाना चाहिए।
ये भी पढ़ें- गोरखपुर में चेकिंग के दौरान मिला नाबालिग, पुलिस ने किया रेस्क्यू और फिर उठाया ये बड़ा कदम
प्रदर्शन में ग्राम प्रधान महेंद्र यादव, पूर्व प्रधान राममिलन यादव, हरिश्चंद्र शर्मा, रामबरन प्रजापति, राजेश शुक्ला, हरिकेश यादव, सत्य प्रकाश शुक्ला, दिवाकर शुक्ला, सूरज यादव और नीरज यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से अधिकांश बच्चे विद्यालय नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है।
बीएसए धीरेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रधानाध्यापिका सरोज गौतम प्रथम दृष्टया दोषी पाई गईं, जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, सहायक अध्यापक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह से निर्धारित समय के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- 400 रुपये रोज कमाने वाला कैसे बन गया 41 करोड़ का खाताधारक? मिर्जापुर की इस कहानी ने सबको चौंकाया
ग्राम प्रधान महेंद्र यादव ने कहा कि पट्टी धर्मदास का प्राथमिक विद्यालय क्षेत्र के अच्छे विद्यालयों में गिना जाता रहा है, लेकिन शिक्षकों के आपसी विवाद ने इसकी छवि और बच्चों की पढ़ाई दोनों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मांग की है कि दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द विद्यालय में सामान्य शैक्षणिक माहौल बहाल कराया जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के फिर से शुरू हो सके।
Location : Gorakhpur
Published : 15 July 2026, 7:29 PM IST