
थाना गोरखपुर
गोरखपुर: गोरखपुर पुलिस ने जमीन बैनामा कराने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत, गैंग लीडर पंकज जायसवाल सहित चार अपराधियों पवन जायसवाल उर्फ छोटू, राजकुमार और पूजा जायसवाल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ के संवाददाता के अनुसार, इस गिरोह ने जमीन दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये ठगे और धमकियां दीं थी। पुलिस ने इनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
39 लाख की ठगी का सनसनीखेज मामला
गौरतलब है कि 1 मई 2025 को इस गैंग ने एक व्यक्ति से जमीन बैनामा कराने के नाम पर 39 लाख रुपये हड़प लिए थे। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे, तो उसे केवल 12 लाख रुपये लौटाए गए और बाकी रकम मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी गईं। इस मामले में थाना एम्स में मुकदमा संख्या 205/2024, धारा 420, 406, 504, 506 भादवि के तहत केस दर्ज किया गया था। गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष एम्स ने जिला मजिस्ट्रेट गोरखपुर के अनुमोदन से गैंग चार्ट तैयार किया था।
इसके आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 141/2025, धारा 2(ख),(I),(XI),/3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद व समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 के तहत केस दर्ज किया गया है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
वहीं इस मामले में पंकज जायसवाल (रूद्रापुर, कुसम्ही बाजार, थाना एम्स) के खिलाफ ठगी, धमकी और बलात्कार जैसे संगीन अपराधों में 5 मुकदमे दर्ज हैं। राजकुमार (शत्रुधनपुर, फुटहवा, थाना चौरीचौरा) पर ठगी, धमकी और एससी/एसटी एक्ट के तहत 5 मामले हैं। जबकि, पवन जायसवाल उर्फ छोटू (रूद्रापुर, कुसम्ही बाजार, थाना एम्स) के खिलाफ ठगी और धमकी के 2 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा, पूजा जायसवाल (शत्रुधनपुर, फुटहवा, थाना चौरीचौरा) पर ठगी और धमकी का 1 मामला दर्ज है।
जनता में फैली दहशत
पुलिस के अनुसार, इस गैंग को लेकर लोगों में भय और आतंक का माहौल है। बताया जा रहा है कि ये लोग संगठित रूप से धोखाधड़ी के अपराध को अंजाम देते हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई से इनके अपराधों पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 5 May 2025, 2:21 PM IST
Topics : gangster act Gorakhpur News land scam case