
फर्जी शादी का हुआ खुलासा (Img: AI Generated Image)
Gorakhpur: गोरखपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने शादी के नाम पर होने वाली ठगी के नए तरीके का खुलासा कर दिया है। यह गिरोह उन लोगों को निशाना बनाता था जिनकी उम्र 35 से 40 साल के बीच थी और जिनकी किसी वजह से अब तक शादी नहीं हो पाई थी। शादी की उम्मीद में पहुंचे लोगों के साथ ऐसा खेल खेला जाता था कि उन्हें समझने का मौका भी नहीं मिलता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्यों के अविवाहित युवकों तक अपने नेटवर्क के जरिए पहुंचता था। उन्हें भरोसा दिलाया जाता था कि गोरखपुर में उनके लिए अच्छा रिश्ता तैयार है। जब युवक अपने परिवार के साथ वहां पहुंचता तो पूरा माहौल असली शादी जैसा बना दिया जाता। गिरोह के सदस्य कोई लड़की का भाई बनता, कोई बहन तो कोई मौसी या अन्य रिश्तेदार। लड़की दिखाई जाती, बातचीत होती और कुछ ही देर में शादी तय करा दी जाती। इसके बाद सिंदूर, मंगलसूत्र और अन्य रस्में भी पूरी कराई जाती थीं ताकि किसी को शक न हो।
पेपर लीक से लेकर राम मंदिर चंदे तक गरमाई सियासत! कांग्रेस का सरकार पर हमला, बोले- छात्रों का भविष्य…
जैसे ही शादी की रस्में खत्म होतीं, पहले से तय योजना के तहत कुछ लोग पुलिस की वर्दी पहनकर वहां पहुंच जाते। वे खुद को पुलिसकर्मी बताते और आरोप लगाते कि लड़की की जबरन शादी कराई जा रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से दूल्हा और उसके परिवार के लोग घबरा जाते। इसके बाद उन्हें जेल भेजने, मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर मोटी रकम की मांग की जाती थी। डर के कारण कई लोग मौके पर ही पैसे देकर वहां से निकलने की कोशिश करते थे।
गोरखपुर पुलिस को पिछले कुछ समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के दौरान पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया और गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह लंबे समय से इसी तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहा था।
सीओ कैंपियरगंज अनुराग कुमार सिंह के अनुसार, शादी का रिश्ता तय करने से पहले परिवार और लड़की के बारे में पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें। किसी अनजान व्यक्ति के भरोसे बड़ी रकम या जल्दबाजी में शादी जैसे फैसले न लें। अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
Location : Gorakhpur
Published : 29 June 2026, 7:05 PM IST