Gorakhpur Dowry Case: “पहले मायके से एक लाख रुपये और चार पहिया लेकर आ…” कमरे में बंद कर बहू के साथ ससुराल वालों ने की ऐसी हरकत

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में दहेज की कथित मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने और कमरे में बंद कर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगा है। पीड़िता की मां ने एसएसपी से शिकायत की। पुलिस ने BNS और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 August 2026, 12:24 PM IST

Gorakhpur: “अपने घरवालों से रुपये और चार पहिया लेकर आ...” दहेज की कथित मांग को लेकर ससुराल में विवाहिता को प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के देवारीबारी बनकुल विशुनपुर राजा गांव में विवाहिता को कमरे में बंद कर जान से मारने की कोशिश किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की मां ने एसएसपी से शिकायत कर बेटी की सुरक्षा और आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

शादी के बाद से ही शुरू हो गई दहेज की मांग

कैंपियरगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने अपनी बेटी सना खातून की शादी 30 मार्च को गोला क्षेत्र के नसीब पुत्र सगीर के साथ की थी। पीड़िता की मां के मुताबिक, शादी में मायके पक्ष ने एक लाख रुपये नकद और करीब तीन लाख रुपये का गृहस्थी का सामान दिया था।

आरोप है कि इसके बावजूद शादी के कुछ समय बाद ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी।

“मायके से रुपये और चार पहिया लेकर आ”

पीड़िता की मां का आरोप है कि सना से तीन लाख रुपये नकद और चार पहिया वाहन मायके से लाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसे कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल वालों की ओर से विवाहिता को दूसरी शादी करने की धमकी भी दी गई। लगातार बढ़ते दबाव के बीच परिवार को बेटी की सुरक्षा की चिंता सताने लगी।

Gorakhpur Airport: गोरखपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हवाई हादसा, Indigo प्लेन का रनवे पर टेल इम्पैक्ट

आधी रात फोन आया तो उड़ गए होश

मामला तब और गंभीर हो गया जब 13 अगस्त की रात करीब 11 बजे मायके पक्ष को फोन पर सूचना मिली कि सना को कमरे में बंद कर जान से मारने की कोशिश की जा रही है।

यह खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने सना से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद परिवार ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

मां ने एसएसपी से लगाई गुहार

पीड़िता की मां ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर बेटी को सुरक्षित कराने, उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराने और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत किए जाने की बात भी कही है।

Gorakhpur Airport: गोरखपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हवाई हादसा, Indigo प्लेन का रनवे पर टेल इम्पैक्ट

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  23 August 2026, 12:24 PM IST