
थाना कैंट गोरखपुर (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: शहर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित बेतियाहाता पार्क परिसर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर निगम के एक संविदा वाहन चालक का शव उसकी ड्यूटी वाली कूड़ा उठाने वाली गाड़ी के अंदर फंदे से लटका मिला। महज दो महीने पहले प्रेम विवाह करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गीडा क्षेत्र के नौसड़ निवासी 20 वर्षीय मुकेश पासवान के रूप में हुई है। वह नगर निगम में संविदा वाहन चालक के रूप में कार्यरत था। बुधवार सुबह बेतियाहाता स्थित पानी की टंकी परिसर में नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी खड़ी थी। जब लोगों की नजर गाड़ी के अंदर गई तो मुकेश का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल डायल-112 पर सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, ताकि मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की जा सके।
मृतक के परिजनों ने आत्महत्या की आशंका को सिरे से खारिज करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है। उनका कहना है कि मुकेश ने करीब दो महीने पहले दूसरी जाति की युवती राधा निषाद से प्रेम विवाह किया था। इस शादी का दोनों परिवारों में विरोध था। विरोध के चलते दोनों शहर में किराये के मकान में रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। घटना के बाद पत्नी राधा का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैंट पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने और प्रेम विवाह के विवाद को देखते हुए किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर हर पहलू की गहन जांच कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 15 July 2026, 2:41 PM IST
Topics : Gorakhpur News Love Marriage UP News