गोरखपुर आर्यवर्धन केस: पांच आरोपित जेल में, अब आयोजक मृत्युंजय यादव भी गिरफ्तार

गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान बैकहो लोडर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत के मामले में मुख्य आरोपित मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू गिरफ्तार। पुलिस 66 आरोपितों के मामले में अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 12:48 PM IST

Gorakhpur: लोडर की चपेट में आने से 14 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। एम्स थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शुक्रवार देर रात यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक मृत्युंजय यादव ने लोडर किराये पर मंगवाया था। इस मामले में कुल 66 लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस अब अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

बैकहो लोडर चालक समेत पांच आरोपित पहले ही जेल भेजे गए

आर्यवर्धन की मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार शाम लोडर चालक और चार सपा नेताओं समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपित बिट्टू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच अब लोडर मालिक मनोज मिश्रा की ओर भी बढ़ गई है।

मनोज मिश्रा गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र का निवासी बताया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

लापरवाही से वाहन चलाने के मुकदमे में बढ़ीं हत्या की धाराएं

घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों और वादी की ओर से दिए गए दूसरे प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमे में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं भी बढ़ा दी गईं। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया। मामले में आयोजक की गिरफ्तारी को जांच की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की पहचान कराई जा रही है। उन्होंने जल्द ही सभी आरोपितों की गिरफ्तारी किए जाने की बात कही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 November 2026, 12:48 PM IST