
दीवार काटकर 15 लाख पार गाजीपुर के मोहम्मदपुर गांव में चोरों का बड़ा कांड (फोटो: डाइनामाइट न्यूज़)
Ghazipur: उत्तर प्रदेश के जिले गाजीपुर के थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में मंगलवार देर रात चोरी की बड़ी घटना सामने आई। अज्ञात चोरों ने एक मकान में सेंध लगाकर करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार सदमे में है।
पीड़ित परिवार की सदस्य शोभा गुप्ता ने बताया कि घटना के समय परिवार के अधिकांश लोग घर के बाहर सो रहे थे, जबकि बेटा और बहू छत पर थे। घर का मुख्य दरवाजा बंद था।इसी दौरान रात करीब 2 से 3 बजे के बीच चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर के अंदर घुस गए। उन्होंने घर में रखे दो बक्से उठाए और वहां से फरार हो गए।
खेत में चल रहा था हल, तभी अपनों ने ही लाठी-डंडों से ले ली जान; चतरा मर्डर केस का खौफनाक वीडियो वायरल
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने परिवार को सूचना दी कि गांव से कुछ दूरी पर नाले के पास दो बक्से पड़े हुए हैं। परिवार मौके पर पहुंचा तो देखा कि दोनों बक्सों के ताले टूटे हुए थे और उनमें रखा सारा कीमती सामान गायब था। पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर दो सोने की मालाएं, हाफ पेटी, कमरबंद, हाथफूल, झुमकी, चार अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया, दो मंगलसूत्र सहित लगभग 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये नकद अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
इस बड़ी चोरी की घटना के बाद गांव के लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
Location : Ghazipur
Published : 7 July 2026, 8:49 PM IST