
गाजियाबाद में तलवार से हत्या (Img: X)
Ghaziabad: गाजियाबाद के मुरादनगर में एक मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पड़ोसी को नाम से बुलाने और ‘भाई’ न कहने पर कहासुनी हुई। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों के साथ तलवारें चलने लगीं। घटना रविवार शाम करीब चार बजे मुरादनगर के कन्नौजा गांव की बताई जा रही है।
गांव निवासी अजय शर्मा घर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात पड़ोसी सोनू शर्मा से हो गई। बताया गया कि अजय ने सोनू को उसके नाम से पुकारते हुए हालचाल पूछा। इस पर सोनू नाराज हो गया। उसने अजय से कहा कि उसे नाम से नहीं बल्कि ‘सोनू भाई’ कहकर बुलाया जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
शुरुआती कहासुनी कुछ ही देर में विवाद में बदल गई। आरोप है कि सोनू ने अपने परिवार के लोगों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद अजय ने भी अपने परिवार और परिचितों को बुला लिया। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे, चाकू और तलवार जैसे हथियार निकाले गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई।
ये भी पढ़ें: Ghaziabad: आज से इस एक्सप्रेसवे पर भूलकर भी न जाएं! आम वाहनों की एंट्री बंद, सिर्फ डाक कांवड़ को मिलेगी इजाजत
झड़प के दौरान अजय के चाचा देवेंद्र शर्मा पर तलवार से हमला किया गया। उनके पेट और कंधे पर गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। इलाज के दौरान देवेंद्र शर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। वहीं, झगड़े में अंकित शर्मा और सचिन शर्मा भी घायल हुए हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायल अंकित शर्मा ने पुलिस को दिए बयान में कई लोगों पर हमले में शामिल होने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि हमलावर तलवार लेकर पहुंचे थे। आरोपियों में मोहित शर्मा, सोनू शर्मा, मोहित, प्रिंस, विकास और दीपू शर्मा के नाम बताए गए हैं। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटनास्थल की जानकारी जुटाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी मसूरी सुनील भारद्वाज और डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
एसीपी सुनील भारद्वाज के मुताबिक, कन्नौजा गांव में शाम करीब चार बजे दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हुई। इस घटना में देवेंद्र शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। अन्य आरोपों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
ये भी पढ़ें: Ghaziabad: खून से सनी स्कर्ट ने बयां की हैवानियत की वो दास्तां, 7 साल की बच्ची की हत्या, 3 घंटे का वो खौफनाक सच
गाजियाबाद की यह घटना एक बार फिर बताती है कि छोटी-सी बात भी कभी-कभी बड़े विवाद का रूप ले सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Ghaziabad
Published : 31 August 2026, 10:53 AM IST
Topics : Ghaziabad Crime News Ghaziabad Farmer Murder Kannauja Village News Sword Attack Ghaziabad UP Crime News