फर्जी दस्तावेजों से बैंक खाता खोलकर साइबर ठगी की रकम खपाने वाला शातिर गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने वाले एक संगठित गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। यहां पढ़ें पूरी खबर।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 July 2026, 7:36 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगी की रकम को ठिकाने लगाने वाले एक संगठित गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपनी असली पहचान छिपाकर फर्जी पैन कार्ड और फर्जी GST पंजीकरण के आधार पर M/S Creative Handicraft के नाम से HDFC बैंक में खाता खुलवाया था। इस खाते का इस्तेमाल शेयर मार्केट और क्रिप्टो निवेश के नाम पर ठगे गए लोगों की रकम को ट्रांसफर और खपाने में किया जा रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: भीड़ ने घेरा… और फिर जो हुआ, जानिए बीच सड़क पर कपल को पीटने की क्या थी असली वजह?

साइबर क्राइम थाना पुलिस की कार्रवाई

उत्तर प्रदेश शासन और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ और थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने जांच के दौरान HDFC बैंक के एक संदिग्ध खाते की पड़ताल की।

फर्जी दस्तावेज से हुआ खुलासा

जांच में सामने आया कि बैंक खाता M/S Creative Handicraft के नाम से संचालित किया जा रहा था, जबकि उसमें लगाए गए पैन कार्ड, GST दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड पूरी तरह फर्जी थे। मोबाइल नंबर की सीएएफ जांच और दस्तावेजों के मिलान से खुलासा हुआ कि आरोपी अदनान चौहान ने अपनी पहचान छिपाकर दूसरे व्यक्ति के नाम पर यह खाता खुलवाया था।

यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: “शिवभक्त नहीं, व्यूज़ और फॉलोअर्स के भूखे उपद्रवी हैं” कांवड़ यात्रा में हुड़दंगियों पर नरेंद्र पंवार का बड़ा हमला

अन्य आरोपियों की तालाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी, शेयर मार्केट और क्रिप्टो निवेश के नाम पर लोगों से ठगी गई रकम को प्राप्त करने, निकालने और उसके स्रोत को छिपाने के लिए कर रहा था। मामले का खुलासा होने के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस संगठित साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  14 July 2026, 7:36 PM IST