बकरी चराने गई थीं 4 मासूम, तालाब में नहाने उतरीं तो मच गई चीख-पुकार; झांसी में दो बच्चियों की मौत

झांसी के मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने के दौरान चार बच्चे गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने दो बच्चों को बचा लिया, लेकिन दो मासूम बच्चियों की जान नहीं बच सकी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 17 August 2026, 2:56 PM IST

Jhansi: झांसी के मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब तालाब में नहाने गए चार बच्चे अचानक गहरे पानी में डूबने लगे। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी मच गई। बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े और बचाव अभियान शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से दो बच्चों को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दो मासूम बच्चियों को नहीं बचाया जा सका।

नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में चले गए

बच्चे तालाब के पास बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तालाब में नहाने का फैसला किया। चारों बच्चे पानी में उतर गए। कुछ देर बाद अचानक वे तालाब के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। बच्चों को पानी में डूबता देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

उमर पहुंचा प्रयागराज, अबान की मिट्टी की तैयारी; झांसी जेल से अली के पहुंचने का इंतजार

दो बच्चियों की नहीं बच सकी जान

स्थानीय लोगों ने किसी तरह तालाब में डूब रहे दो बच्चों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद बाकी दो बच्चियों की तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को भी तालाब से बाहर निकाल लिया गया। हादसे में 10 वर्षीय इमराहीजान और 8 वर्षीय रियनजा गंभीर हालत में मिलीं। परिजन दोनों बच्चियों को लेकर आनन-फानन में मऊरानीपुर अस्पताल पहुंचे, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया।

दो मासूमों की मौत से परिवार में मचा कोहराम

एक साथ दो बच्चियों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। कुछ देर पहले तक जिन बच्चों की हंसी से माहौल सामान्य था, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक दोनों बच्चियां आपस में ममेरी बहनें थीं।

देशभक्ति की धुनों से गूंजा झांसी रेलवे स्टेशन, RPF बैंड ने बांधा ऐसा समां कि तालियों से गूंज उठा परिसर

सूचना पर पहुंची पुलिस

हादसे की सूचना मिलते ही मऊरानीपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Jhansi

Published :  17 August 2026, 2:56 PM IST