
महिला की मौत से मचा हड़कंप (Img: Dynamite News)
Fatehpur: फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना शादीपुर चौराहे के पास की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति को मौके से हिरासत में ले लिया है। हालांकि, पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दिलीप यादव (29) अपनी पत्नी के साथ शादीपुर चौराहे के पास अपनी बहन के मकान में किराए पर रह रहा था। बताया गया है कि दिलीप चक अल्लीपुर स्थित एक सरकारी विद्यालय में शिक्षक है। वहीं उसकी पत्नी शहर के ट्रू मिशन स्कूल में अध्यापिका के तौर पर काम करती थी।
ये भी पढ़ें- पहले मां की संदिग्ध मौत, फिर सौतेली मां पर प्रताड़ना का आरोप; 17 वर्षीय किशोरी ने दी जान
दोनों की शादी करीब नौ साल पहले हुई थी। दंपती का सात साल का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और बच्चे को लेकर भी परिजन परेशान हैं।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। उनका आरोप है कि दिलीप के अलावा संदीप और भूपेंद्र भी इस घटना में शामिल हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। परिजनों का दावा है कि दिलीप के किसी अन्य युवती से संबंध होने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि शुक्रवार रात भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद शनिवार सुबह महिला की मौत की जानकारी सामने आई।
ये भी पढ़ें- बरेली में आखिर क्या होने वाला है खास? इस्लामिया से दरगाह तक उमड़ा जायरीन का सैलाब
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 8 August 2026, 3:21 PM IST