हिंदी
बेटे की मौत पर बुजुर्ग की न्याय की गुहार (Img: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक बुजुर्ग पिता अपने बेटे की संदिग्ध मौत को लेकर न्याय की गुहार लगा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि उसके बेटे की हत्या कर दी गई और बिना उसकी सहमति के शव को जल्दबाजी में दफना दिया गया। अब उसने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्राम जिगनी, थाना बिंदकी निवासी रमजान खान ने शिकायत में बताया कि उनका पुत्र किफायत उल्ला करीब चार वर्ष तक सऊदी अरब में नौकरी करने के बाद 16 मई 2026 को घर लौटा था। विदेश में रहते हुए उसने अपनी पत्नी और बहनोई के खातों में करीब 12 से 13 लाख रुपये भेजे थे। घर लौटने पर जब उसने उन पैसों के बारे में जानकारी मांगी तो कथित तौर पर दोनों टालमटोल करने लगे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि 22 मई 2026 की रात उसकी बहू और बहनोई ने मिलकर उसके बेटे को कथित रूप से जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पीड़ित ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि दोनों के बीच कथित अवैध संबंध थे और पैसों के विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया।
रमजान खान का कहना है कि बेटे की मौत के बाद उनकी इच्छा के विरुद्ध शव को जल्दबाजी में घर के पीछे स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया गया। उनका आरोप है कि उन्हें पुलिस में शिकायत करने पर पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी गई, जिसके कारण वह तत्काल शिकायत नहीं कर सके। उन्होंने यह भी दावा किया कि दफनाने से पहले बेटे का शव नीला पड़ गया था, जिससे उन्हें विष देकर हत्या किए जाने का संदेह है।
Fatehpur: बार बालाओं के डांस कार्यक्रम में हर्ष फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही मची हलचल
पीड़ित बुजुर्ग ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विधिक प्रक्रिया के तहत कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। साथ ही यदि हत्या की पुष्टि होती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल यह आरोप शिकायतकर्ता द्वारा अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं। मामले की सत्यता पुलिस जांच और आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।
Location : Fatehpur
Published : 17 July 2026, 1:01 PM IST