हिंदी
कृष्ण मंदिर से 14-14 किलो के दो घंटे चोरी(img: Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के छिटकापुरवा गांव स्थित कृष्ण मंदिर में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर बीती रात मंदिर में लगे 14-14 किलो वजन के दो बड़े घंटे चोरी कर ले गए। सुबह मंदिर में पूजा करने पहुंचे पुजारी ने चोरी की जानकारी दी, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
बताया गया कि सुबह पुजारी चंद्रपाल मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। इस दौरान उनकी नजर मंदिर से गायब दोनों घंटों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। मंदिर से घंटे चोरी होने की खबर फैलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
कृष्ण मंदिर से चोरी की घटना को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद ललौली पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर का निरीक्षण किया।
ललौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही चोरी से जुड़े संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही है। अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Fatehpur
Published : 26 September 2026, 2:04 PM IST