बेसमेंट में चल रही थी पढ़ाई, एक ही दरवाजा और 145 बच्चे… लखनऊ हादसे के बाद फतेहपुर में फायर विभाग का बड़ा एक्शन

लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद फतेहपुर में फायर विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुद्वारा गली स्थित एक कोचिंग और लाइब्रेरी में छापेमारी के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। बेसमेंट में चल रही क्लास, इमरजेंसी एग्जिट की कमी और सुरक्षा उपकरणों की गैरमौजूदगी ने सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 June 2026, 7:53 PM IST

Fatehpur: लखनऊ में हाल ही में हुए कोचिंग सेंटर हादसे में हुई मौतों ने पूरे सिस्टम को हिला दिया है। इसी के बाद अब फतेहपुर जिले में प्रशासन सतर्क हो गया है। फायर विभाग ने कोचिंग संस्थानों की जांच तेज कर दी है और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कोचिंग और लाइब्रेरी में छापेमारी से खुली पोल

फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा गली और रेलवे स्टेशन रोड पर अग्निशमन विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। अग्निशमन अधिकारी द्वितीय दीपक कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम ने एक कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया, जहां सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर खामियां सामने आईं।

लखनऊ अग्निकांड के बाद बांदा में बड़ा एक्शन! अस्पतालों और कोचिंग सेंटरों में मिलीं खामियां, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

बेसमेंट में चल रही थी पढ़ाई

निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ा खुलासा यह हुआ कि “विद्या एकेडमी एवं लाइब्रेरी” का संचालन बेसमेंट में किया जा रहा था। यहां फायर सेफ्टी नियमों का गंभीर उल्लंघन पाया गया। संस्थान में न तो कोई उचित इमरजेंसी एग्जिट था और न ही सुरक्षित बाहर निकलने का वैकल्पिक रास्ता। छात्रों के लिए केवल एक ही दरवाजा मौजूद था, जो किसी भी आपात स्थिति में बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता था।

फायर सेफ्टी उपकरण भी पाए गए नाकाफी

जांच में यह भी सामने आया कि कोचिंग में लगे फायर सेफ्टी उपकरण मानकों के अनुरूप नहीं थे। कई जगह उपकरण या तो खराब मिले या फिर उनकी व्यवस्था ही नहीं थी। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए अग्निशमन विभाग ने कोचिंग संचालक आनंद मौर्या को नोटिस जारी किया है। साथ ही उन्हें तुरंत सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

Etawah: सैफई पहुंचीं डिंपल यादव, बड़े मंगल पर की पूजा-अर्चना, बोलीं-लखनऊ अग्निकांड की हो निष्पक्ष जांच

145 छात्रों का पंजीकरण, 80 मौके पर मिले

जानकारी के अनुसार इस कोचिंग संस्थान में चार अलग-अलग बैचों में पढ़ाई कराई जा रही थी। कुल 145 छात्रों का पंजीकरण बताया गया है, जबकि निरीक्षण के दौरान लगभग 80 छात्र-छात्राएं लाइब्रेरी में पढ़ते हुए पाए गए। इस स्थिति ने विभाग की चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि भीड़भाड़ वाले स्थान पर सुरक्षा इंतजाम न होना बड़ा खतरा बन सकता है।

कार्रवाई के बाद अन्य कोचिंग्स में मचा हड़कंप

फायर विभाग ने साफ निर्देश दिए हैं कि जब तक सभी सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक इस कोचिंग संस्थान का संचालन बंद रहेगा। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके के अन्य कोचिंग संचालकों में भी हड़कंप मच गया है और वे अपने-अपने संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था जांचने में जुट गए हैं।

Location :  Fatehpur

Published :  23 June 2026, 7:53 PM IST