Fatehpur News: फतेहपुर में फर्जी लूट का खुलासा, कम सैलरी से नाराज ड्राइवर ने खुद रची गोलीकांड की साजिश

फतेहपुर में दिनदहाड़े गोली मारकर लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। लेकिन जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 16 November 2026, 7:41 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में दिनदहाड़े गोली मारकर लूट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। लेकिन जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। लूट की यह वारदात किसी बदमाश ने नहीं, बल्कि पिकअप चालक ने अपने साथी के साथ मिलकर खुद रची थी।

11 नवंबर को मिली थी लूट की सूचना

मामला फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को 11 नवंबर को सूचना मिली थी कि बांदा से नमकीन की सप्लाई देकर लौट रहे पिकअप चालक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर लूट लिया है। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

ये भी पढ़ें: Fatehpur: महंगे गिफ्ट का झांसा देकर बच्चों को बनाया मोहरा, घरों से निकलवाए जेवर

200 कैमरों की फुटेज खंगालने पर खुला राज

शुरुआत में चालक ने बाइक सवार बदमाशों द्वारा लूट किए जाने की बात कही थी। हालांकि, पूछताछ के दौरान चालक और उसके साथी के बयानों में अंतर मिला। इसके बाद पुलिस ने बांदा से फतेहपुर तक करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शक गहराने पर पुलिस ने चालक से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।

कम वेतन मिलने पर रची लूट की साजिश

एडिशनल एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज सचान और ओम सचान के रूप में हुई है। दोनों कानपुर के घाटमपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, राज सचान ने अपने साथी ओम सचान को लूट की रकम सौंपकर वहां से भेज दिया था। इसके बाद उसने एक ढाबे के पास पेचकस से अपनी पिकअप गाड़ी के आगे और साइड के शीशे तोड़ दिए।

इसके बाद उसने पुलिस को बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जांच में सामने आया कि ट्रांसपोर्टर द्वारा कम वेतन दिए जाने से नाराज होकर उसने यह साजिश रची थी।

ये भी पढ़ें: Fatehpur News: छत पर गए आचार्य पर बंदरों ने बोला हमला, बचने की कोशिश में तीसरी मंजिल से गिरे

1.52 लाख रुपये बरामद, दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से लूट की बताई गई रकम में से 1 लाख 52 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।

Location :  Fatehpur

Published :  16 November 2026, 7:41 PM IST