हिंदी
मौके पर पुलिस
Bengaluru: बेंगलुरु पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) और ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने नकली दवाओं के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। जांच के दौरान सामने आया है कि गंभीर बीमारियों और कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली नकली और रीपैकेज्ड दवाओं की सप्लाई की जा रही थी।
पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए महंगी दवाओं को भारी डिस्काउंट पर अस्पतालों और क्लीनिकों तक पहुंचाया जाता था। मामले में अब तक कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और एक फार्मेसी मालिक को गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले की शुरुआत 18 अगस्त 2026 को बेंगलुरु के पास बिदादी और डोडेरी इलाकों में स्थित एक फार्महाउस पर हुई छापेमारी से हुई। पुलिस और ड्रग्स कंट्रोल अधिकारियों की कार्रवाई में वहां से करीब 5 करोड़ रुपये की नकली दवाएं, इंजेक्शन, फर्जी लेबल, पैकेजिंग सामग्री और दवाओं की रीपैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं।
जांच में पता चला कि गिरोह कथित तौर पर हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना जैसे राज्यों से सस्ती या एक्सपायर्ड दवाएं खरीदता था। इसके बाद उन्हें नई शीशियों में भरकर महंगे मल्टीनेशनल ब्रांड्स के नकली लेबल लगाकर बाजार में बेचने का आरोप है।
पुलिस को शक है कि बेंगलुरु के 90 से अधिक अस्पतालों और क्लीनिकों ने कम कीमत के लालच में इन दवाओं की खरीद की। अब जांच एजेंसियां इन सभी स्वास्थ्य संस्थानों के खरीद रिकॉर्ड, बिल और सप्लाई चेन की जांच कर रही हैं।
अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ हो सकता है। जांच में सामने आया है कि नकली दवाओं की सप्लाई के तार कर्नाटक के अलावा अन्य राज्यों से भी जुड़े हैं।
SIT ने कर्नाटक के साथ-साथ हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में भी कई ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान बैंक लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, खरीद-बिक्री के वाउचर और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड प्रशांत नाम का व्यक्ति बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। जांच एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं और मामले में जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं के नकली पाए जाने की आशंका ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कितने मरीजों तक ये दवाएं पहुंचीं और इससे किसी तरह का नुकसान हुआ या नहीं।
Location : Bengaluru
Published : 14 September 2026, 11:53 AM IST
Topics : Bengaluru Fake Cancer Medicine Racket Bengaluru Police SIT Drug Control Department Fake Cancer Drugs Fake Medicines Scam
No related posts found.