गोरखपुर पुलिस लाइन में 5 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्ति दी गई। समारोह के दौरान भावुक माहौल में उनके योगदान को सराहा गया। पुलिस लाइन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और पुलिस अधीक्षक लाइन्स ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया।

विदाई समारोह
Gorakhpur: गोरखपुर पुलिस लाइन में मंगलवार को ऐसा माहौल देखने को मिला, जहां सम्मान और भावनाएं एक साथ नजर आईं। वर्षों तक वर्दी की जिम्मेदारी निभाने वाले पांच पुलिसकर्मी जब रिटायर हुए तो विदाई समारोह में हर आंख नम दिखी। यह सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि उन सेवाओं को सलाम करने का मौका था। जिन्होंने समाज और विभाग दोनों को मजबूत किया।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी और पुलिस अधीक्षक लाइन्स ने सेवानिवृत्त कर्मियों को सम्मानित किया। एआरओ ब्रह्म देव शुक्ला, निरीक्षक मानवेन्द्र पाठक, निरीक्षक इकरार अहमद, महिला उपनिरीक्षक मिथिलेश राय और कर्मचारी भदेश्वर प्रसाद को फूल-माला, शॉल और पुस्तक भेंट कर विदाई दी गई।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज के प्रति समर्पण का एक महत्वपूर्ण जरिया है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों की ईमानदारी, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान विभाग के लिए हमेशा यादगार रहेगा।
विदाई के दौरान सहकर्मियों ने पुराने दिनों को याद किया। साथ बिताए गए वर्षों की यादें साझा करते हुए माहौल भावुक हो गया। कई पुलिसकर्मियों की आंखों में आंसू थे। यह उनके बीच बने मजबूत रिश्तों को साफ दिखा रहे थे।
सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और विभाग का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान मिले अनुभव उनके जीवन की सबसे बड़ी पूंजी रहेंगे। अधिकारियों ने भी माना कि इनका अनुभव आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
इस मौके पर प्रतिसार निरीक्षक सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। यह समारोह इस बात का प्रतीक बना कि गोरखपुर पुलिस अपने कर्मियों के योगदान को सम्मान देना और याद रखना अच्छी तरह जानती है।