एक तेज रफ्तार ने सब कुछ छीन लिया… सड़क किनारे बकरी चरा रही वृद्धा की दर्दनाक मौत

सुल्तानपुर में सड़क किनारे बकरी चरा रही एक बुजुर्ग महिला की तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 August 2026, 7:53 PM IST

Sultanpur: सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर कमैचा गांव में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। सड़क किनारे अपनी बकरी चरा रही 80 वर्षीय वृद्ध महिला अचानक पीछे से आई तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) प्रतापपुर कमैचा पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वृद्धा की पहचान धनराजी (80) के रूप में हुई है। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने वाहन किया कब्जे में

घटना की सूचना मिलते ही चांदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हादसे में शामिल पिकअप वैन की पहचान कर उसे कब्जे में ले लिया है। हालांकि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

ये भी पढ़ें- Fatehpur: समझौते के बाद बदले हालात, अपर जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग

चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि वाहन चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं ताकि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से हो सके।

ये भी पढ़ें- 9 अगस्त को रेलवे कर्मचारियों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन, OPS और निजीकरण पर सरकार को देंगे बड़ा संदेश

परिजनों की तहरीर पर दर्ज होगा मुकदमा

क्षेत्राधिकारी लंभुआ ऋतिक कपूर ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। मृतका के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

Location :  Sultanpur

Published :  1 August 2026, 7:53 PM IST