
सुलतानपुर में बस को साइड देने को लेकर पथराव (Img: Dynamite News)
Sultanpur: सुलतानपुर जिले के बंधुआकला थाना क्षेत्र में देर रात बस और बाइक सवार युवकों के बीच साइड देने और हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। बस ग्राम भाईं धम्मौर से मनियारपुर गांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो बाइकों पर सवार चार युवकों से कहासुनी हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद युवकों ने बस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। साथ ही बस चालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज भी की गई। पथराव से बस को मामूली नुकसान पहुंचा। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बंधुआकला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर यातायात को सामान्य कराया। इसके बाद बस चालक की शिकायत के आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।
यह भी पढ़ें: Sultanpur की बेटी का कमाल, अवध यूनिवर्सिटी MBA में पाया पहला स्थान, मिलेंगे 3 गोल्ड मेडल
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है ताकि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी नगर राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर महिलाओं से अभद्रता और मारपीट की जो बातें सामने आ रही हैं, वे पूरी तरह गलत और भ्रामक हैं। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में ऐसी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
Location : Sultanpur
Published : 9 August 2026, 1:41 PM IST