
सुल्तानपुर में तबाही
Sultanpur: सुल्तानपुर जिले में बुधवार दोपहर बाद अचानक आई तेज आंधी और बारिश ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरा इलाका दहशत में आ गया। कुछ ही मिनटों में मौसम ने करवट बदली और देखते ही देखते पेड़, छप्पर और बिजली के खंभे मौत का कारण बन गए। अलग-अलग जगहों पर हुए दर्दनाक हादसों में तीन मासूम बच्चों और एक महिला सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पूरे जिले में मातम का माहौल है और गांवों में चीख-पुकार मची हुई है।
आंधी का सबसे ज्यादा असर बल्दीराय और हलियापुर क्षेत्र में देखने को मिला। बल्दीराय के कस्बा माफियात निवासी सुरेश कुमार सोनकर के घर पर तेज हवाओं के चलते छप्पर गिर पड़ा। इस हादसे में उनकी 8 वर्षीय पुत्री महिमा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे ग्रामीणों ने मलबे से बाहर निकाला, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
आंधी के दौरान कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे भी जानलेवा साबित हुए। बल्दीराय के सिंघनी गांव में रामबरन (65) के घर पर गूलर का पेड़ गिर पड़ा। मलबे में दबकर रामबरन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी श्यामलली गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस पर हमला करने वाला सुल्तानपुर का इनामी बदमाश ऐसे फंसा पुलिस के फंदे में
अखंडनगर के बरामदपुर गांव में आंधी ने सबसे दर्दनाक तस्वीर पेश की। यहां निर्माणाधीन मकान का छप्पर और छज्जा गिरने से तीन बच्चे दब गए। इस हादसे में 8 वर्षीय सुरेमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास (16) और किशन (11) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोगों के मुताबिक हादसा इतना तेज था कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। इसी दौरान छप्पर गिरने से दो गाय और एक बकरी की भी मौत हो गई, जिससे परिवार पर दोहरी मार पड़ी।
बंधुआकला और आसपास के क्षेत्रों में भी आंधी ने भारी नुकसान पहुंचाया। दाउदपुर गांव में अरविंद गुप्ता के घर के सामने जामुन की डाल गिरने से उनकी पत्नी सुषमा देवी (35) की मौत हो गई। इसी क्षेत्र में नीम का पेड़ मुन्नीलाल कोरी के मकान पर गिर गया, जिससे धनऊ (45) और सुनैना (9) घायल हो गईं। दोनों का इलाज नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
आंधी का असर केवल गांवों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सड़कों पर भी इसका खौफ देखने को मिला। अमेठी जिले के चंदौकी शाहगढ़ निवासी बाइक सवार विनोद साहू (35) पर अलीगंज के पास पेड़ की डाल गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जब चाहा तब ट्रांसफर? सुल्तानपुर में बिजली विभाग पर मनमानी के आरोप, जानिये क्या है मामला
आंधी के बाद घायलों को नजदीकी सीएचसी और जिला अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई गंभीर घायलों को सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
Location : Sultanpur
Published : 29 April 2026, 8:56 PM IST