“मोबाइल से वीडियो बनाना पड़ा भारी!” पारिवारिक पंचायत में विवाद, गर्भवती बहू की मौत से मचा हड़कंप

देवरिया के गौरी बाजार क्षेत्र में पारिवारिक पंचायत के दौरान वीडियो बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गंभीर घटना में बदल गया। आरोप है कि गर्भवती महिला के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 September 2026, 3:52 PM IST

Deoria: गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बर्दगोनिया गांव में पारिवारिक पंचायत के दौरान हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि पंचायत की कार्यवाही का वीडियो बना रही 40 वर्षीय गर्भवती महिला के साथ ससुराल पक्ष के लोगों ने मारपीट की। घटना के बाद महिला की हालत बिगड़ गई और इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी।

मोबाइल छीनने के बाद मारपीट का आरोप

बताया गया कि जगवंती देवी पत्नी गोविंद पारिवारिक पंचायत के दौरान अपने मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। इसी दौरान उनके ससुर ने कथित तौर पर मोबाइल छीन लिया। महिला पक्ष का आरोप है कि इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। जगवंती गर्भवती थीं। मारपीट के बाद उन्हें ब्लडिंग होने लगी, जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया ले जाया गया।

ये भी पढ़ें- आलू की कांवड़ लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए सपाई, कन्नौज में प्रदर्शन से गरमाया माहौल, जानिए क्या है किसानों की मांग

गोरखपुर ले जाते समय हुई मौत

मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला को गंभीर हालत में गोरखपुर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर गोरखपुर के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज

घटना की जानकारी मिलने के बाद गौरी बाजार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मायके पक्ष की तहरीर पर ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली का आया नगर गूंजा गोलियों की तड़तड़ाहट से, 20 राउंड फायरिंग कर जिम ट्रे्नर को भूना

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपों और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Deoria

Published :  14 September 2026, 3:52 PM IST