हथियार और बोरी भर आभूषण: देवरिया में सर्राफा चोरी का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोचे गए 5 आरोपी

देवरिया में आभूषण दुकान चोरी की जांच के बाद पुलिस ने एक आरोपी और चार बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ भी हुई और बड़ी संख्या में चोरी का सामान बरामद किया गया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 27 September 2026, 7:00 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बखरा में आभूषण दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। गौरीबाजार और तरकुलवा पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को सिरसिया पुलिया के पास कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि चार बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ हुई।

23/24 सितंबर की रात तोड़ा था दुकान का ताला

पुलिस के अनुसार, बखरा निवासी सतीश वर्मा की सृष्टि आभूषण केन्द्र में 23/24 सितंबर की रात चोरी हुई थी। चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चांदी की बिछिया, पायल, नकदी और आर्टिफिशियल आभूषण चोरी किए थे। मामले में 24 सितंबर को गौरीबाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, रविवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गौरीबाजार और तरकुलवा पुलिस की संयुक्त टीम ने सिरसिया पुलिया के पास घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान संदीप कुशवाहा पुत्र भरत कुशवाहा, निवासी कोटवा बसावन टोला, थाना महुआडीह को गिरफ्तार किया गया। उसके साथ चार बाल अपचारियों को भी पकड़ा गया।

देवरिया में कुदरत का कहर, पकी धान की फसल जमींदोज और टूटे बिजली के खंभे; सहमे लोग

तमंचा और चोरी के आभूषण बरामद

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक फायरशुदा खोखा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा बड़ी संख्या में चोरी के आभूषण भी बरामद किए गए। इनमें 24 जोड़ी आर्टिफिशियल कान के झाल, 27 बिछिया, 19 लॉकेट, 14 जोड़ी कान के टप्स, 13 अंगूठियां, पायल, चैन, नथ, ब्रासलेट, बच्चों के कड़े और पंचरत्न समेत अन्य सामान शामिल हैं।

अलमारी और बहीखाता भी बरामद

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक छोटी अलमारी और बहीखाता भी बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान में तरकुलवा थाने में दर्ज एक अन्य चोरी के मुकदमे से संबंधित सामान भी शामिल है।

देवरिया में मानवता शर्मसार: बुजुर्ग माता-पिता को बेटों ने घर से निकाला, बेटियों ने संभाला, डीएम से सुरक्षा की गुहार

चार बाल अपचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और चारों बाल अपचारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में बरामद सामान और दोनों चोरी की घटनाओं के बीच संबंध की भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में की गई। संयुक्त टीम में गौरीबाजार थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय, तरकुलवा थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह समेत दोनों थानों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Location :  Deoria

Published :  27 September 2026, 7:00 PM IST