
स्वतंत्रता दिवस से पहले मिठाई दुकानों पर छापेमारी (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले में आगामी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिले में लड्डू बनाने और आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों पर छापेमारी अभियान शुरू किया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर और आसपास के क्षेत्रों में बड़ी मात्रा में लड्डू तैयार कर विभिन्न स्थानों पर आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों और कारखानों की जांच की। इस दौरान तैयार लड्डुओं के साथ-साथ उन्हें बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे कच्चे माल के भी नमूने लिए गए। टीम ने खाद्य कारोबारियों को स्वतंत्रता दिवस के दौरान बड़ी मात्रा में मिठाइयों की मांग और आपूर्ति को देखते हुए साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और निर्माण प्रक्रिया में आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जहां भी कमियां पाई गईं, संबंधित खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा।
इसी क्रम में नगर क्षेत्र स्थित गोपद डेयरी मिठाई की दुकान पर खराब मिठाई की बिक्री किए जाने की शिकायत मिलने के बाद टीम ने प्रवर्तन कार्रवाई शुरू की। प्रतिष्ठान से मिठाई के दो नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इसके साथ ही टीम द्वारा मिठाई तैयार करने की प्रक्रिया, कच्चे माल के इस्तेमाल, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
Deoria: 520 रुपये और पर्स के साथ खंडहर मकान में छिपा था आरोपी, लूट के मामले में पुलिस ने ऐसे दबोचा
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है।
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू पाल, घनश्याम वर्मा, श्रीराम यादव, रामसिंगार, प्रेम चंद, नेहा त्रिपाठी तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव मिश्रा मौजूद रहे।
Location : Deoria
Published : 13 August 2026, 6:21 PM IST
Topics : Deoria News Food Safety Raid Food Safety Department Independence Day 2026 Sweet Shop Checking