देवरिया का नशा मुक्ति केंद्र सवालों के घेरे में; तीन दिन में दूसरी मौत, परिजनों का हंगामा

देवरिया के बेलडाड़ मार्ग स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में तीन दिन के भीतर दूसरी युवक की मौत होने से सनसनी फैल गई है। सोमवार रात 39 वर्षीय रितेश राव की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र संचालक पर दवाओं का ओवरडोज देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 27 May 2026, 2:02 PM IST
google-preferred

Deoria: देवरिया के बेलडाड़ मार्ग स्थित नशा मुक्ति केंद्र में तीन दिन के भीतर दूसरी युवक की मौत होने से सनसनी फैल गई है। सोमवार रात 39 वर्षीय रितेश राव की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने केंद्र संचालक पर दवाओं का ओवरडोज देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

जानकारी के मुताबिक, शहर के राघवनगर निवासी रितेश राव को 11 मई को नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। 25 मई की शाम केंद्र से परिवार को फोन कर बताया गया कि उनकी तबीयत खराब है और उन्हें घर ले जाएं।

परिजन जब केंद्र पहुंचे तो रितेश की हालत गंभीर थी। उन्हें तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मां बोलीं- “मेरा बेटा बीटेक कर चुका था”

मृतक की मां गायत्री राव ने बताया कि रितेश ने बीटेक किया था और बेंगलुरु की एक कंपनी में नौकरी करता था। करीब 7-8 साल पहले उसे नशे की लत लग गई, जिसके बाद नौकरी चली गई। परिवार लगातार उसका इलाज कराने की कोशिश कर रहा था।

चचेरे भाई ने लगाया ओवरडोज का आरोप

रितेश के चचेरे भाई आशुतोष राव ने आरोप लगाया कि केंद्र में जरूरत से ज्यादा दवाएं दिए जाने के कारण उसकी मौत हुई है। उन्होंने केंद्र संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है।

तीन दिन पहले भी हुई थी एक युवक की मौत

गौरतलब है कि 22 मई को भी इसी नशा मुक्ति केंद्र में तिलई बेलवा गांव निवासी 38 वर्षीय सुरेश यादव की संदिग्ध हालत में मौत हुई थी। उस मामले में भी पोस्टमार्टम के बाद विसरा जांच के लिए भेजा गया था।

पोस्टमार्टम में कारण स्पष्ट नहीं, बिसरा सुरक्षित

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। दोनों मामलों में बिसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Deoria

Published :  27 May 2026, 2:02 PM IST

Related News

Advertisement