
गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया (Img X)
New Delhi: दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टिल्लू ताजपुरिया गैंग से जुड़े सक्रिय सदस्य पवन उर्फ मक्खी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक कारोबारी का अपहरण किया और बंदूक के दम पर उससे समझौते के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराए। कारोबारी पर पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने और अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बनाया जा रहा था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गैंग के दूसरे सदस्यों और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक, अपहरण की यह घटना 27 अक्टूबर की है। आरोप है कि पवन उर्फ मक्खी और उसके साथियों ने कारोबारी को जबरन एक गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया। इस दौरान हथियार के दम पर उसे डराया गया और समझौते के दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने के लिए मजबूर किया गया।
आरोपी कारोबारी पर एक पुराने आपराधिक मामले को वापस लेने और अदालत में गवाही नहीं देने का दबाव बना रहा था। पुलिस के अनुसार, ऐसा नहीं करने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
टिल्लू गैंग का गुर्गा मक्खी गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस नरेंद्र उर्फ भोलू को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। उसके कब्जे से एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि कारोबारी के अपहरण में इसी गाड़ी का इस्तेमाल किया गया था।
अब पवन उर्फ मक्खी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि अपहरण की साजिश में गैंग के कितने सदस्य शामिल थे और वारदात को किस तरह अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद से ही पवन गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए अर्जी भी दाखिल की थी, लेकिन उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।
आउटर नॉर्थ जिले की स्पेशल स्टाफ टीम को आरोपी के ठिकाने के बारे में गुप्त सूचना मिली। इस इनपुट के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की और 21 नवंबर को पवन उर्फ मक्खी को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दिल्ली और हरियाणा में पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उस पिस्तौल की तलाश कर रही है, जिसका इस्तेमाल वारदात के दौरान किए जाने का आरोप है। इसके साथ ही कारोबारी से जबरन हस्ताक्षर कराए गए समझौते के दस्तावेज को भी बरामद करने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका, उनके नेटवर्क और इस अपहरण के पीछे की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।
Location : New Delhi
Published : 22 November 2026, 12:08 PM IST
Topics : Businessman Kidnapping Delhi Police Organized Crime Delhi Pawan Makhi Arrested Tillu Tajpuria Gang