दूसरी बेटी पैदा होने से नाराज पिता बना हैवान, 10 महीने की बेटी को जिंदा मौत के हवाले किया

दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में दूसरी बेटी के जन्म से नाराज पिता ने 10 महीने की मासूम बच्ची की हत्या कर दी। आरोपी ने बच्ची को जिंदा सेप्टिक टैंक में फेंक दिया और अपहरण की झूठी कहानी रची। CCTV फुटेज से खुलासा होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 May 2026, 9:34 AM IST

New Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। दूसरी बेटी होने से नाराज एक पिता ने अपनी ही 10 महीने की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए बच्ची के अपहरण की झूठी कहानी रची और खुद थाने जाकर शिकायत भी दर्ज कराई। लेकिन पुलिस जांच और CCTV फुटेज ने उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

दूसरी बेटी होने से था नाराज

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान दीपक के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी, 5 साल की बड़ी बेटी और 10 महीने की छोटी बच्ची के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में रहता था। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरी बेटी के जन्म से खुश नहीं था और इसी बात को लेकर परिवार में तनाव रहता था।

खुद रची अपहरण की कहानी

रविवार सुबह आरोपी दीपक ने पुलिस को सूचना दी कि वह सुबह करीब 5 बजे दूध लेने बाहर गया था। उसने दावा किया कि उसकी पत्नी बीमार बड़ी बेटी को सुलाते-सुलाते सो गई और जब वह वापस लौटा तो छोटी बच्ची घर से गायब थी। परिवार ने आसपास तलाश की तो बच्ची की दूध की बोतल गली में पड़ी मिली। इसके बाद पुलिस को बच्ची के कथित अपहरण की सूचना दी गई।

CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की। इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान एक अहम फुटेज सामने आई, जिसमें बच्ची का पिता दीपक उसे अपने साथ ले जाता दिखाई दिया।

फुटेज सामने आने के बाद पुलिस को आरोपी पर शक हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

Delhi Murder Case: लखीमपुर के युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, मजदूरी करने गया था दिल्ली

जिंदा बच्ची को सेप्टिक टैंक में फेंका

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपनी 10 महीने की बच्ची को जिंदा ही सेप्टिक टैंक में फेंक दिया था, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी।

मां की भूमिका की भी जांच

पुलिस आरोपी की निशानदेही पर बच्ची के शव की तलाश में जुटी रही। वहीं, मामले में बच्ची की मां की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Location :  New Delhi

Published :  25 May 2026, 9:34 AM IST