
स्कूली वाहनों पर बड़ा एक्शन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Chandauli: जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। 'मिशन सेफ फ्यूचर' के तहत सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) डॉ. सर्वेश गौतम के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में सुरक्षा मानकों का पालन न करने वाले स्कूली वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान 20 स्कूली वाहनों को सीज किया गया, जबकि 34 वाहनों का चालान काटा गया।
अभियान के दौरान स्कूली वाहनों में फायर एक्सटिंग्विशर, जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट एड बॉक्स समेत अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। जिन वाहनों में नियमों का पालन नहीं मिला, उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई।
Chandauli: मामूली बात पर सुलग उठा विवाद, घर की दहलीज पार कर लड़कियों तक पहुंची मारपीट की आंच
परिवहन विभाग के अनुसार, जिले में 794 पंजीकृत स्कूली वाहन संचालित हैं। इनमें 30 वाहनों की फिटनेस अवधि समाप्त हो चुकी है, जबकि 60 अन्य वाहनों की फिटनेस जल्द समाप्त होने वाली है। ऐसे सभी स्कूल प्रबंधकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर फिटनेस प्रमाणपत्र नवीनीकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के मामले में 10 स्कूलों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि समय पर फिटनेस नहीं कराने वाले वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन ने बताया कि जल्द ही जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी स्कूल प्रबंधकों की बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. सर्वेश गौतम ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Chandauli
Published : 9 July 2026, 7:27 PM IST