
शराब की दुकान में बड़ी चोरी (Img: Dynamite News)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा चौकी किदवई नगर स्थित देसी शराब की दुकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि सोमवार रात चोर दुकान की छत का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए और वहां रखा सामान व नकदी लेकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने दुकान में रखी करीब 1.20 लाख रुपये की नगदी चोरी कर ली। इसके अलावा दुकान में मौजूद टीवी, सीसीटीवी कैमरा और सरकारी स्कैनर भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी हुए कैश और सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी जा रही है।
चंदौली में घर की सफाई के दौरान विवाद, पड़ोसियों पर युवती से मारपीट का आरोप
मंगलवार सुबह जब सेल्समैन दुकान खोलने पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। दुकान की छत का दरवाजा टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा मिला। जांच करने पर नकदी और अन्य उपकरण गायब मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। अज्ञात चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
चंदौली के इस गांव में शाम होते ही छा जाता है अंधेरा, 50 परिवारों के इस गांव की हैरान करने वाली कहानी
क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चिंता बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि रात के समय गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और चोरों का पता लगाने का प्रयास जारी है।
Location : Chandauli
Published : 22 September 2026, 4:20 PM IST