चंदौली में सिस्टम के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन, नाले में उतरा युवक, VIDEO वायरल

चंदौली में नाला सफाई में देरी और सड़क पर मलबा छोड़ने से नाराज एक युवक नाले में उतरकर प्रदर्शन करने लगा। मौके पर हंगामा हुआ, पुलिस ने समझाकर युवक को बाहर निकाला। घटना का वीडियो वायरल होने पर अखिलेश यादव ने भी इसे शेयर करते हुए जनहित के संघर्ष का संदेश दिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 July 2026, 8:58 AM IST

Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से सिस्टम के खिलाफ अनोखे विरोध प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नाला सफाई में हो रही देरी और सड़क पर छोड़े गए मलबे से नाराज एक युवक ने ऐसा कदम उठाया कि देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। विरोध का यह वीडियो अब राजनीतिक गलियारों तक पहुंच गया है और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है।

नाले में उतरकर किया प्रदर्शन, रुकवाया सफाई कार्य

बताया जा रहा है कि मामला पीडीडीयू नगर तहसील क्षेत्र के पड़ाव-बहादुरपुर मार्ग का है। यहां नाला सफाई का कार्य चल रहा था, लेकिन सफाई के दौरान निकाला गया मलबा सड़क पर ही छोड़ दिया गया। इससे स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

इसी बीच एक युवक विरोध जताने के लिए सीधे नाले में उतर गया और वहीं बैठकर प्रदर्शन करने लगा। युवक के इस कदम के चलते सफाई कार्य भी कुछ देर के लिए रुक गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

ग्रामीणों की भीड़ जुटी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

युवक के नाले में बैठने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे युवक को समझाकर नाले से बाहर निकाला। पुलिस की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और प्रदर्शन समाप्त करा दिया गया।

अखिलेश यादव ने वीडियो किया शेयर

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इसे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, "जो जन हित के लिए संघर्ष करेगा, वही बढ़ेगा!"

सावधान! अगले कुछ घंटे बेहद भारी: 17 राज्यों में आंधी-तूफान की चेतावनी, IMD ने जारी किया सबसे बड़ा अलर्ट

इसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर और तेजी से वायरल होने लगा तथा लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

सोमवार दोपहर का बताया जा रहा है वीडियो

स्थानीय लोगों के अनुसार वायरल वीडियो सोमवार दोपहर बाद का बताया जा रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से वीडियो को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग नाला सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

Location :  Chandauli

Published :  9 July 2026, 8:57 AM IST