
पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या
Budaun: बदायूं के कोतवाली सहसवान क्षेत्र में प्रधानी की पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। अलीपुर टप्पा हवेली निवासी 60 वर्षीय पूर्व प्रधान भूरे पुत्र निरोत्तम को बुलैरो सवार हमलावरों ने लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस हमले में उनके साथ बाइक पर सवार चचेरे चाचा राकेश, उम्र 46, पुत्र मोरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व प्रधान भूरे अपने चचेरे चाचा राकेश के साथ बाइक से दहगँवा वाया क्रया बैन और के रोड होते हुए महवा नदी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार बुलैरो कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक गिरते ही कार सवार लोग नीचे उतरे और दोनों को घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने गाड़ी से लोहे की रॉड निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए। सिर में गंभीर चोट लगने से पूर्व प्रधान भूरे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश लहूलुहान होकर बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर बुलैरो लेकर फरार हो गए।
हादसे के बाद काफी देर तक दोनों सड़क किनारे पड़े रहे। इसी बीच वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने घायल राकेश का मोबाइल फोन उठाकर परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पूर्व प्रधान का बेटा राजा मौके पर पहुंचा और दोनों को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने भूरे को मृत घोषित कर दिया। राकेश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतक भूरे प्रधान खेती-किसानी करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। एक बेटी और दो बेटों की शादी हो चुकी है। भूरे की दो पत्नियां थीं, जिनमें दूसरी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक भूरे पूर्व में गांव के प्रधान रह चुके हैं। वर्तमान प्रधान कप्तान यादव से उनकी प्रधानी को लेकर पुरानी दुश्मनी चल रही थी। गांव के ही कुछ लोगों से उनका विवाद भी था। परिजनों ने हत्या के पीछे प्रधानी की रंजिश को कारण बताया है।
सूचना पर कोतवाली सहसवान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सहसवान ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बुलैरो कार व हमलावरों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं। प्रधानी की रंजिश समेत सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 27 June 2026, 5:56 PM IST